क्षेत्रीय
14-Mar-2026
...


गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(ईएमएस)। जिले के केवची गांव स्थित एचपी उर्मिला पेट्रोलियम पेट्रोल पंप में लगभग 40 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है। पेट्रोल पंप संचालक की शिकायत पर गौरेला पुलिस ने आरोपी मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से फिलहाल पूछताछ की जा रही है और उसे अदालत में पेश किया जाएगा। जानकारी के अनुसार पूर्व जज और पेट्रोल पंप संचालक प्रमोद सिंह परस्ते (53) ने थाना गौरेला में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि पंप के मैनेजर लालजी पटेल (47), निवासी अमरपुर गांव पेंड्रा, ने करीब 40 लाख रुपये का गबन किया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने लालजी पटेल को गिरफ्तार कर लिया। शिकायत के अनुसार पंप के संचालन, आय-व्यय का लेखा-जोखा और दैनिक बिक्री का रिकॉर्ड रखने की जिम्मेदारी मैनेजर लालजी पटेल के पास थी। पंप संचालन के लिए स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया गौरेला से हिंदुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड की ई-डीलर फाइनेंसिंग स्कीम (e-DFS) के तहत करीब 67 लाख रुपये की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। बताया गया कि वर्ष 2025 के मध्य से बैंक और कंपनी अधिकारियों को खातों में गड़बड़ी की आशंका हुई। जांच में सामने आया कि आरोपी ग्राहकों से उधारी की राशि पंप के अधिकृत क्यूआर कोड की जगह अपने निजी फोनपे नंबरों पर जमा करवा रहा था। कई ग्राहकों ने रसीद और भुगतान दस्तावेजों के साथ इसकी पुष्टि भी की। बैंक स्टेटमेंट और पंप रजिस्टर के मिलान में यह भी पाया गया कि केवल नकद और अधिकृत ऑनलाइन भुगतान ही खाते में जमा हो रहे थे, जबकि निजी क्यूआर कोड से प्राप्त राशि का कोई रिकॉर्ड नहीं था। शिकायतकर्ता के मुताबिक इस तरह करीब 40 लाख रुपये का गबन किया गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद 15 जनवरी 2026 को आरोपी को नौकरी से हटा दिया गया था। पुलिस ने उसके बैंक रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने हर्बल लाइफ प्रोडक्ट में निवेश किया था और उसकी एक ईवी कार भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक धाराएँ जोड़कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)14 मार्च 2026