- डबल कनेक्शन पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश पटना, (ईएमएस)। बिजली बिल के बड़े बकायेदारों पर अब सख्त कार्रवाई की जाएगी और उनकी सूची को नियमित रूप से अपडेट किया जाएगा। यह निर्देश ऊर्जा सचिव एवं बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक मनोज कुमार सिंह ने दिया है। विद्युत भवन में दोनों बिजली वितरण कंपनियों की कल राजस्व समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें राजस्व संग्रहण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में बकाया राशि की वसूली तेज करने के लिए अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए गए। ऊर्जा सचिव ने अधिकारियों से कहा कि डिफॉल्टर उपभोक्ताओं की सूची को नियमित रूप से अद्यतन किया जाए और सभी बकायेदारों, विशेषकर बड़े बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही राजस्व संग्रहण में तेजी लाने के लिए बकायेदारों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने और डबल कनेक्शन पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में यह भी कहा गया कि ऐसे मामलों की पहचान कर तुरंत कार्रवाई की जाए, ताकि बिजली कंपनियों को होने वाले राजस्व नुकसान को रोका जा सके। साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड और नार्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड को 31 मार्च तक 100-100 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रहण करने का लक्ष्य दिया गया है। संतोष झा- १४ मार्च/२०२६/ईएमएस