वायरल वीडियो में जमीन पर पड़े बुजुर्ग को दो युवक सीपीआर देते आए नजर फर्रुखाबाद,(ईएमएस)। यूपी के फर्रुखाबाद में एक बुजुर्ग की हार्ट अटैक से मौत हो गई। बेटे का कहना है कि पिता गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े थे। तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह जमीन पर गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। रात में एक वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें जमीन पर पड़े एक बुजुर्ग को दो युवक से सीपीआर दे रहे हैं। यह वीडियो गैस एजेंसी के पास का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक गढ़ी खानखाना मोहल्ले के शाहनवाज ने बताया कि 75 साल के उनके मुख्तार अंसारी सुबह साढ़े छह बजे घर से सिलेंडर लेने निकले थे। गैस एजेंसी में लाइन में लगे थे। करीब नौ बजे वह गश खाकर जमीन पर गिर पड़े। उनकी हालत बिगड़ती देख मोहल्ले के लोगों ने उन्हें अस्पताल ले गए। नर्सिंग होम के मुख्य गेट पर डॉक्टर ने मुख्तार अंसारी को देख उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुत्र शाहनवाज ने बताया कि लाइन में ज्यादा देर लगे होने से पिता गश खाकर गिर गए थे। डीएसओ यादव ने बताया कि गैस लेने के लिए लाइन में खड़े होने के दौरान वृद्ध की मौत के मामले की कोई जानकारी नहीं है। जिले में गैस की कमी नहीं है। उधर शहर कोतवाली के प्रभारी ने कहा कि चर्चा है कि एक बुजुर्ग गैस की लाइन में बेहोश होकर गिर गए थे। अस्पताल में उनकी मौत हो गई। वृद्ध सिलेंडर की पर्ची पहले ही कटा चुके थे। पुलिस को कोई सूचना नहीं दी है। बता दें घरेलू गैस की मारामारी से उपभोक्ताओं का भी सब्र टूट रहा है। शुक्रवार को गैस एजेसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ जुट पड़ी। कई एजेंसियों पर लाइन में लगे उपभोक्ताओं की आपस में धक्का मुक्की हो गई इससे माहौल गरमा गया। एजेंसी पर पुलिस भी लगा दी गई है। भीड़ के आगे पुलिस बेबस है। आवास विकास में गैस एजेंसी के शोरूम पर भी भारी भीड़ थी। गैस एजेंसी उपभोक्ताओं का उस समय धैर्य जवाब दे गया जब कुछ लोगों ने लाइन क्रास कर पहले पर्ची कटाने की कोशिश की इस पर हंगामा हो गया। सिराज/ईएमएस 14मार्च26 -------------------------------