- 12 दिनों में चांदी 43,000, सोने में 12,000 रुपये की गिरावट नई दिल्ली (ईएमएस)। दुनियाभर में बढ़ते आर्थिक और राजनीतिक संकट के बावजूद सोने की कीमतें लगातार गिर रही हैं। आमतौर पर संकट के समय निवेशक सुरक्षित निवेश के लिए सोने की ओर भागते हैं, लेकिन इस बार कहानी उलटी है। शेयर बाजार में भारी गिरावट और निवेशकों के नुकसान ने उनके पास नकदी की कमी पैदा कर दी है। इस स्थिति में निवेशक अपने पास जमा सोना बेच रहे हैं, जिससे कीमतें नीचे आ रही हैं। मार्च की शुरुआत में सोना एमसीएक्स पर लगभग 1.70 लाख प्रति 10 ग्राम था। केवल 12 दिनों में यह गिरकर 1.57 लाख रुपए तक आ गया। चांदी की स्थिति और भी बुरी है। जो चांदी 2 मार्च को 2.97 लाख प्रति किलो थी, वह अब 2.54 लाख के करीब बिक रही है। निवेशकों के लिए यह 12 दिनों में प्रति किलो 43 हजार रुपए से ज्यादा का नुकसान है। भारतीय बाजार ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को सोना और चांदी दोनों ही 1–4 फीसदी तक टूटकर बंद हुए। विशेषज्ञ मानते हैं कि जब तक शेयर बाजार में स्थिरता नहीं आती और निवेशकों का डर खत्म नहीं होता, सोने और चांदी में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। वर्तमान में बाजार पैनिक सेलिंग के दौर से गुजर रहा है, जहां सुरक्षित निवेश से ज्यादा नकदी बचाना प्राथमिकता बन गई है। सतीश मोरे/14मार्च ---