नई दिल्ली (ईएमएस)। क्राइम ब्रांच ने एनसीईआरटी की पायरेटेड किताबें सप्लाई करने वाले अरविंद कुमार को दिल्ली के शाहबाद दौलतपुर गांव से गिरफ्तार किया है। उसके गोदाम से पहली से बारहवीं कक्षा तक की 5011 पायरेटेड पुस्तकें बरामद हुईं। एनसीईआरटी की पायरेटेड पुस्तकें सप्लाई करने वाले आरोपित अरविंद कुमार को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। आरोपी शाहबाद दौलतपुर गांव का रहने वाला है। इसके गोदाम से पहली से बारहवीं कक्षा तक की एनसीईआरटी किताबों की कुल 5011 पायरेटेड पुस्तकें बरामद हुई हैं। आरोपी ने दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कालेज से बैचलर्स और इग्नू से एमए किया है। आरोपी ने पहले प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की, लेकिन जब वह सफल नहीं हो सका तो 2022 से एनसीईआरटी की पायरेटेड किताबें बेचना शुरू कर दिया था। वहीं, पुलिस इससे पूछताछ कर पायरेटेड एनसीईआरटी किताबों को पब्लिश करने, स्टोर करने, बांटने और बेचने में शामिल सिंडिकेट के बारे में जांच कर रही है। पुलिस उपायुक्त संजीव कुमार यादव के अनुसार पुलिस दिल्ली समेत एनसीआर में एनसीईआरटी की पायरेटेड पुस्तकें बेचने वाले सिंडिकेट पर नजर रख रही थी। इसी दौरान बीती बृहस्पतिवार को एक सूचना मिली कि शाहबाद दौलतपुर गांव में एक गोदाम में एनसीईआरटी की बड़ी संख्या में पायरेटेड पुस्तकें रखी और बेची जा रही हैं।