क्षेत्रीय
14-Mar-2026
...


- दबिश : 47 उपभोक्ताओं की गैस डायरी भी जब्त जबलपुर, (ईएमएस)। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के ग्राम झिन्ना में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण का खुलासा किया है। यहां से पुलिस ने 6 घरेलू और 4 व्यवसायिक गैस सिलेंडर सहित 47 गैस डायरी जब्त किए| पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपी सुनील पटेल गैस एंजेसी संजीवनीनगर गुलौआ चौक में हॉकर का काम करता है और उसने ग्राम झिन्ना, मीरगंज, आमाहिनौता, कूडन, शिल्पीनगर, भेड़ाघाट उपभोक्ताओं के नाम पर 47 गैस डायरी अपने घर रखी थी और सिलेंडरों को असुरक्षित तरीके से अपने घर में रखा था| कुल 10 गैस सिलेंडर जब्त किए गए| घटना के संबंध में भेड़ाघाट पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार गत रात मुखबिर की सूचना पर भेड़ाघाट पुलिस और क्राइम ब्रांच टीम ने ग्राम झिन्ना मोहल्ला मीरगंज निवासी हॉकर 41 वर्षीय सुनील पटेल के घर पर दबिश दी, जहां 6 घरेलू और 4 व्यवसायिक गैस सिलेंडर असुरक्षित तरीके से रखे पाए गए। इसके अलावा विभिन्न उपभोक्ताओं के नाम से जारी 47 गैस बुक भी बरामद की गईं। आरोपी सिलेंडरों और गैस बुक के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में सामने आया कि सुनील पटेल संजीवनी नगर गुलौआ चौक स्थित एक दीप गैस एजेंसी में हॉकर का काम करता है। उसने झिन्ना मीरगंज, आमा हिनौता, कूडन, शिल्पी नगर और भेड़ाघाट क्षेत्र के उपभोक्ताओं की गैस बुक अपने घर में नियम विरुद्ध तरीके से रखी थीं। रिहायशी इलाके में बिना सुरक्षा मानकों के ज्वलनशील गैस सिलेंडरों का भंडारण जन सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। कलेक्ट्रेट की खाद्य शाखा के अधिकारी कुंजन सिंह राजपूत ने निरीक्षण के बाद आरोपी के खिलाफ लिखित प्रतिवेदन पुलिस को सौंपा। भेड़ाघाट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुनील साहू / शहबाज / 14 मार्च 2026