नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली मेट्रो नेटवर्क में नबी करीम स्टेशन एक अनूठा इंटरचेंज बनेगा, जहाँ पहली बार एक ही लाइन पर यात्री ट्रेन बदल सकेंगे। यह मजेंटा लाइन के दो कॉरिडोर को जोड़ेगा, जिससे बॉटनिकल गार्डन से इंद्रलोक तक यात्रा सुगम होगी। दिल्ली मेट्रो के नेटवर्क में पहली बार एक ही लाइन पर यात्री ट्रेन बदल सकेंगे। फेज चार और पांच (ए) में बन रहे मजेंटा लाइन के दो कॉरिडोर का निर्माण पूरा होने के बाद नबी करीम मेट्रो स्टेशन अपने तरह का यह अनूठा इंटरचेंज वाला स्टेशन बन जाएगा। इस स्टेशन पर 32 सौ कार की क्षमता वाला पार्किंग क्षेत्र बनाया जाएगा। आमतौर पर इंटरचेंज स्टेशन दो अलग-अलग रंगों की लाइनों को जोड़ते हैं, लेकिन नबी करीम स्टेशन पर मजेंटा लाइन के ही दो अलग-अलग कॉरिडोर एक दूसरे को क्रास करेंगे। पहले स्तर पर यह जनकपुरी पश्चिम-आरके आश्रम मार्ग-इंद्रप्रस्थ विस्तार का हिस्सा होगा। इसके साथ ही यह स्टेशन इंदरलोक से इंद्रप्रस्थ तक होने वाले मजेंटा लाइन के विस्तार का भी हिस्सा होगा। इस तरह बाटनिकल गार्डन से जनकपुरी पश्चिम, आरके आश्रम, इंद्रप्रस्थ होते हुए इंदरलोक तक के पूरे रूट में नबी करीम स्टेशन दो बार आएगा। यह एक अनूठा इन-लाइन इंटरचेंज होगा। बॉटनिकल गार्डन की तरफ से आने वाले यात्री यहां उतरकर इंद्रलोक या शिवाजी स्टेडियम पहुंच सकते हैं। वहीं, इसी तरह इंद्रलोक के यात्री यहां पर ट्रेन बदल बाटनिकल गार्डन की तरफ यात्रा कर सकेंगे। 11.9 किमी लंबा इंद्रप्रस्थ-इंद्रलोक कॉरिडोर को पहले ग्रीन लाइन का (कीर्ति नगर/इंद्रलोक से ब्रिगेडियर होशियार सिंह) का विस्तार में शामिल किया गया था। डीएमआरसी ने इसे बदलकर मजेंटा लाइन (बॉटनिकल गार्डन से जनकपुरी पश्चिम) के विस्तार में शामिल किया है।