गुंटूर,(ईएमएस)। गुंटूर जिले के कोल्लिपारा मंडल के अथोटा गांव के किसान रोसैया ने प्राकृतिक कृषि पद्धतियों का पालन करते हुए 75 सेंट भूमि पर 52 किस्मों की फसलें उगाई। इसके लिए सीएम एन चंद्रबाबू नायडू ने उनकी तारीफ की। सीएम नायडू ने एक्स पर पोस्ट में लिखा- “किसान रोसैया को मेरा सलाम, जो प्राकृतिक खेती के जरिए चमत्कार कर रहे हैं। नायडू ने कहा कि जमीन को अपनी मां मानकर और पूरी लगन से प्राकृतिक खेती करते हुए रोसैया उल्लेखनीय परिणाम हासिल कर रहे हैं। 80 साल की आयु में वे मात्र 75 सेंट जमीन पर 52 प्रकार की फसलें उगा रहे हैं और प्रति माह 20,000 रुपए से ज्यादा कमा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता की कहानी वाकई प्रेरणादायक है। सीएम नायडू ने बताया कि आंध्र प्रदेश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए 2016 में की गई पहलों से प्रेरित होकर रोसैया ने प्राकृतिक खेती शुरू की और उन्हें शानदार परिणाम मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं रोसैया को हार्दिक बधाई देता हूं। सिराज/ईएमएस 14मार्च26