राष्ट्रीय
14-Mar-2026


कैटरिंग संचालक बोले- हालत नहीं सुधरते तो समारोह टालने की आ सकती है नौबत देहरादून,(ईएमएस)। अमेरिका-इजराइल का ईरान से युद्ध पूरी दुनिया के लिए एनर्जी सेक्टर के लिए चिंता बना हुआ है, बल्कि तमाम देशों की अर्थव्यवस्था तक पर भी इसका प्रभाव पड़ रहा है। भारत में एलपीजी गैस सिलिंडर के लिए पैदा हुई घबराहट भी इसी का हिस्सा है। बड़ी बात ये है कि अब शादियां भी इसकी जद में आ रही हैं। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और अमेरिका-ईरान के बीच युद्ध जैसी स्थिति ने पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था को चिंता में डाल दिया है। इस टकराव का असर केवल ऊर्जा क्षेत्र या शेयर बाजार तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसका प्रभाव अब आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर भी पड़ने लगा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सबसे ज्यादा चिंता अब उन परिवारों को सता रही है, जिनके घरों में शादियां हैं। होटल व्यवसायियों, कैटरिंग से जुड़े लोगों और रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति प्रभावित होने से शादी समारोहों की व्यवस्था करना मुश्किल हो रहा है। अगर जल्द स्थिति सामान्य नहीं हुई, तो शादी समारोहों को टालने की नौबत भी आ सकती है। खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय बाजारों में साफ दिखाई दे रहा है। तेल और गैस की आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता बढ़ने से ऊर्जा बाजार में उथल-पुथल मची हुई है। कई देशों में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में तेजी के संकेत मिल रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक शेयर बाजारों में भी गिरावट देखी जा रही है और कई अर्थशास्त्री इसे वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए चेतावनी मान रहे हैं। ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित होने से कई देशों में महंगाई बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। भारत जैसे देशों के लिए यह स्थिति और चुनौतीपूर्ण है, क्योंकि देश अपनी ऊर्जा जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात के जरिए पूरा होता है। अंतरराष्ट्रीय हालातों का असर भारत में एलपीजी गैस सिलिंडर की उपलब्धता पर भी दिखाई देने लगा है। कई जगहों पर व्यावसायिक सिलिंडर की आपूर्ति सीमित कर दी गई है। इसका सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और कैटरिंग व्यवसाय पर पड़ रहा है। वहीं देहरादून में होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों का कहना है कि सामान्य दिनों में बड़े होटलों में प्रतिदिन कई सिलिंडर की जरूरत होती है, लेकिन जब आपूर्ति कम हो जाती है तो भोजन तैयार करने की पूरी व्यवस्था प्रभावित हो जाती है। यही वजह है कि अब शादी समारोहों के लिए की जा रही बुकिंग में भी सावधानी बरती जा रही है। सिराज/ईएमएस 14मार्च27 -------------------------------