राष्ट्रीय
14-Mar-2026


एमपी कैडर के 2022 बैच के आईएएस रवि सिहाग छोड़ेंगे मध्यप्रदेश भोपाल,(ईएमएस)। मध्यप्रदेश कैडर के दो आईपीएस अधिकारियों को केंद्र सरकार ने एडीजी और उसके समकक्ष पैनल में इम्पैनल किया है। दोनों ही अधिकारी पहले से ही केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर हैं। केंद्र सरकार द्वारा 30 आईपीएस अधिकारियों के इम्पैनल की सूची में मध्यप्रदेश से दो अधिकारी शामिल हैं। उधर एमपी कैडर के 2022 बैच के आईएएस अधिकारी रवि सिहाग एमपी छोड़ेंगे। मध्यप्रदेश कैडर के 1998 बैच के जिन दो अधिकारियों को केंद्र सरकार की अपाइंटमेंट कमेटी ऑफ कैबिनेट ने एडीजी और उसके समकक्ष पद के लिए इम्पैनल किए जाने को मंजूरी दी है, उसमें आईपीएस अंशुमान यादव और साजिद फरीद शापू शामिल हैं। दोनों ही अधिकारियों को एडीजी पद के लिए इम्पैनल किए जाने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। ये अधिकारी केंद्र में सीनियर अधिकारियों का पूल विकसित करने के लिए इम्पैनल किए गए हैं। इनकी सेवाओं का उपयोग केंद्र की पुलिसिंग को और मजबूत करने में किया जाएगा। मध्यप्रदेश कैडर के 2022 बैच के आईएएस अधिकारी रवि कुमार सिहाग को केंद्र शासित प्रदेश (एजीएमयूटी) का नया कैडर अलॉट किया है। सिहाग का कैडर बदलाव उनकी शादी की वजह से हुआ है। सिहाग ने एजीएमयूटी कैडर की आईएएस अधिकारी इशिता राठी से शादी की है। इसके बाद डीओपीटी को दिए गए आवेदन पर कैडर कमेटी ने सिहाग के लिए नए कैडर को मंजूरी दे दी है। सिहाग जल्दी ही एमपी कैडर से रिलीव होंगे। सिराज/ईएमएस 14मार्च26 -------------------------------