-हाईवा चालक फरार, क्लीनर को पुलिस ने पकड़ा, पुलिस की गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त पटना,(ईएमएस)। पटना में धनरूआ थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार हाईवा ने डायल 112 की गाड़ी को टक्कर मार दी जिसमें सवार 3 पुलिस वाले बाल-बाल बच गए। टक्कर मारने के बाद हाईवा का ड्राइवर भाग गया। इस दौरान वह रैलिंग के टकरा गया। रैलिंग के टकराते ही गाड़ी में आग लग गई। हाईवा धू-धू कर जलने लगी। हाईवा में आग लगते ही ड्राइवर मौके से भाग निकला। हादसे में पुलिस की गाड़ी बुरी तरह डैमेज हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक हादसे में डायल 112 की गाड़ी में मौजूद एएसआई मोहम्मद असलम कुरैशी, महिला कॉन्स्टेबल मुन्नी कुमारी, ड्राइवर दिलीप कुमार को हल्की चोट आई है। पुलिस ने क्लीनर पंकज कुमार को पकड़ लिया है। वह जहानाबाद का रहने वाला है। महिला कॉन्स्टेबल मोहिनी कुमारी ने बताया कि वह धनुरुआ थाने में पोस्टेड हैं। उन्हें छेड़खानी की सूचना मिली थी। वह मौके पर जा रहे थे। तभी एक हाईवा ने पीछे से टक्कर मार दी। पैर में चोट आई है। डर के मारे वह थर-थर कांपने लगी। एएसआई असलम कुरैशी ने बताया कि गाड़ी डैमेज हुई है। हल्की चोट आई है। टक्कर के बाद हमारी गाड़ी सड़क के एक साइड चली गई। क्लीनर को पकड़ लिया गया है। हाईवा के क्लीनर ने बताया कि वह सो रहा था। पता नहीं कैसे गाड़ी को टक्कर लग गई। टक्कर के बाद ड्राइवर भाग गया। इसमें उसकी कोई गलती नहीं है। सिराज/ईएमएस 14मार्च26 ---------------------------------