राज्य
14-Mar-2026
...


:: सर्व समाज निःशुल्क सामूहिक विवाह और 12 फीट ऊंचे रुद्राक्ष हनुमान रहेंगे आकर्षण; मुख्यमंत्री के शामिल होने की संभावना :: इंदौर (ईएमएस)। मालवा की आध्यात्मिक धरा पर आस्था, कठिन साधना और सेवा का एक विरल संगम होने जा रहा है। इंदौर के तिल्लौर–शिवनगर मार्ग स्थित संकट मोचन हनुमंत मंदिर (खेड़ापति आश्रम) में आगामी 5 से 15 अप्रैल 2026 तक 10 दिवसीय विराट हनुमंत मेला एवं दिव्य भू-समाधि साधना महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस भव्य समागम में देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। महोत्सव का सबसे अलौकिक आकर्षण महामंडलेश्वर श्रीश्री 1008 राजगुरु महाराज की 72 घंटे की दिव्य भू-समाधि होगी। यह कठिन योग-साधना 10 से 13 अप्रैल तक अनवरत चलेगी। इस दौरान आश्रम परिसर अखंड हनुमान चालीसा के पाठ और विशेष आध्यात्मिक अनुष्ठानों से गुंजायमान रहेगा। साधना की पूर्णाहुति पर 13 अप्रैल को श्रद्धालुओं को विशेष रूप से अभिमंत्रित रुद्राक्ष का वितरण किया जाएगा। :: धर्म, संस्कृति और सेवा की त्रिवेणी :: आयोजन समिति के अनुसार, यह महोत्सव केवल आध्यात्मिक ही नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों का भी केंद्र बनेगा: - श्रीमद् भागवत कथा : 8 से 14 अप्रैल तक (दोपहर 12 से 3 बजे) सुप्रसिद्ध कथाव्यास पं. विनोद जी शास्त्री द्वारा ज्ञान गंगा प्रवाहित की जाएगी। - सामूहिक विवाह : आयोजन का समापन 14 अप्रैल को सर्व समाज निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन के साथ होगा, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की प्रबल संभावना है। - रुद्राक्ष हनुमान : मेले का मुख्य आकर्षण नेपाली रुद्राक्षों से निर्मित भगवान हनुमान की 12 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा होगी। :: सांस्कृतिक वैभव और जन-भागीदारी :: महोत्सव के दौरान प्रतिदिन शाम 5 से रात 10 बजे तक मुंबई की एम मानसी इवेंट कंपनी और कोरियोग्राफर शेखर गौड़ के निर्देशन में आकर्षक झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। आश्रम में तीन वर्षों से प्रज्वलित अखंड धूना और अखंड ज्योत भक्तों की आस्था का केंद्र रहेंगे। 8 अप्रैल को सुबह 9 बजे निकलने वाली भव्य भाव कलश यात्रा से आयोजन का विधिवत शंखनाद होगा। तिल्लौर खुर्द, पिपलिया लोहार, शिवनगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के सहयोग से आयोजित यह महाकुंभ मालवांचल की धार्मिक एकता का प्रतीक बनेगा। प्रकाश/14 मार्च 2025