क्षेत्रीय
14-Mar-2026
...


*रेल्वे की सजगता जनता मै चर्चा* नैनपुर (ईएमएस)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने नागपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले सिवनी - नैनपुर रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने सिवनी, नैनपुर स्टेशन तथा नैनपुर–केवलारी सेक्शन का विशेष रूप से जायजा लिया। इस अवसर पर नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। शहडोल–नागपुर एक्सप्रेस (11202) के रियर एसएलआर (ब्रेकयान) का एक पहिया नैनपुर–केवलारी रेलखंड में (खैररांजी प. ह.) के पास पटरी से उतर गया था। इस घटना के मद्देनज़र महाप्रबंधक द्वारा स्वयं संबंधित रेलखंड का निरीक्षण कर रेल संरचना, ट्रैक की स्थिति तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने ट्रैक की गुणवत्ता, रेल पथ के अनुरक्षण कार्य, प्वाइंट एवं क्रॉसिंग की स्थिति, सिग्नल एवं दूरसंचार व्यवस्था, स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं तथा यात्री सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से घटना के कारणों एवं उसके पश्चात किए गए सुधारात्मक उपायों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। तरुण प्रकाश ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रेल संरचना के अनुरक्षण में उच्चतम मानकों का पालन किया जाए तथा ट्रैक, सिग्नलिंग एवं अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की नियमित एवं गहन जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रेल परिचालन, संरक्षा संबंधी पहलुओं तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदमों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए रेल सेवाओं को और अधिक सुरक्षित एवं विश्वसनीय बनाने के निर्देश दिए। ईएमएस/मोहने/ 14 मार्च 2026