क्षेत्रीय
14-Mar-2026


० कांग्रेस नेता विनोद तिवारी की गिरफ्तारी निंदनीय ​रायपुर (ईएमएस)। विकास उपाध्याय ने छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री विनोद तिवारी की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि अपने पिता के पिंडदान के लिए उत्तर प्रदेश के संगम गए विनोद तिवारी को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जाना भाजपा सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। श्री उपाध्याय ने कहा कि फरवरी माह में सोशल मीडिया पर सरकार की नीतियों और विफलताओं को लेकर पोस्ट करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने विनोद तिवारी को इलाहाबाद (कौशांबी) जिले से गिरफ्तार किया। उन्होंने इसे लोकतंत्र के खिलाफ बताते हुए कहा कि इससे प्रतीत होता है कि भाजपा सरकार आलोचना से डर रही है। उन्होंने बताया कि विनोद तिवारी को दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया, जहां छत्तीसगढ़ से विकास उपाध्याय सहित कांग्रेस के कई नेता पहुंचे। अदालत में जमानत याचिका खारिज होने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार देशभर में अपने खिलाफ उठने वाली आवाजों को पुलिस कार्रवाई के जरिए दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि एक ओर विपक्ष के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, वहीं दूसरी ओर भाजपा नेताओं द्वारा विपक्ष के खिलाफ दिए जा रहे आपत्तिजनक बयानों या सोशल मीडिया पोस्ट पर कोई कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने कहा कि सत्ता के नशे में भाजपा सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है और नैतिकता का पूरी तरह अभाव दिखाई दे रहा है। पिंडदान जैसे धार्मिक कार्यक्रम के दौरान किसी को गिरफ्तार करना यह दर्शाता है कि सरकार किसी भी हद तक जा सकती है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/14 मार्च 2026