नई दिल्ली (ईएमएस)। इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन की शुरुआत का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है और क्रिकेट प्रशंसक एक बार फिर मैदान पर बड़े सितारों की धमाकेदार बल्लेबाजी देखने के लिए उत्साहित हैं। फैंस को खास तौर पर रोहित शर्मा, विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी जैसे दिग्गज खिलाड़ियों से बड़ी पारियों की उम्मीद रहती है, जो क्रमशः मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते नजर आते हैं। हालांकि आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी पारियों की सूची पर नजर डालें तो हैरानी होती है कि इसमें रोहित शर्मा और विराट कोहली का नाम शीर्ष छह में शामिल नहीं है। आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल के नाम दर्ज है। उन्होंने साल 2013 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ खेलते हुए तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की थी। गेल ने उस मुकाबले में सिर्फ 66 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 175 रन बनाए थे। इस पारी के दौरान उन्होंने 13 चौके और 17 छक्के जड़ते हुए गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और अपनी टीम को शानदार जीत दिलाई। आज भी यह पारी आईपीएल इतिहास की सबसे यादगार और बड़ी पारी मानी जाती है। दूसरे स्थान पर न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ब्रैंडन मैकुलम का नाम आता है। आईपीएल के पहले ही मुकाबले में 2008 में उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 73 गेंदों में नाबाद 158 रन बनाकर टूर्नामेंट की शुरुआत को ऐतिहासिक बना दिया था। उस पारी में मैकुलम ने 10 चौके और 13 छक्के लगाए थे और उनकी यह पारी लंबे समय तक सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड रही। तीसरे नंबर पर युवा भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का नाम दर्ज है। उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलते हुए महज 55 गेंदों में 141 रन की विस्फोटक पारी खेली थी, जिसमें 14 चौके और 10 छक्के शामिल थे। चौथे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक हैं, जिन्होंने आईपीएल 2022 में लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेलते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 70 गेंदों में 140 रन बनाए थे। पांचवें नंबर पर एबी डिविलियर्स का नाम आता है, जिन्होंने 2015 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 59 गेंदों में नाबाद 133 रन की शानदार पारी खेली थी। वहीं छठे स्थान पर केएल राहुल हैं, जिन्होंने 2020 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 69 गेंदों में नाबाद 132 रन बनाए थे। दिलचस्प बात यह है कि आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में शामिल विराट कोहली और रोहित शर्मा की सबसे बड़ी पारियां क्रमशः 113 और 109 रन की हैं, लेकिन इसके बावजूद वे टूर्नामेंट की सबसे बड़ी पारियों की शीर्ष छह सूची में जगह नहीं बना सके हैं। डेविड/ईएमएस 15 मार्च 2026