खेल
15-Mar-2026
...


बांग्लादश और पाकिस्तान बोर्ड रहे निशाने पर मुम्बई (ईएमएस)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अध्यक्ष जय शाह ने कहा है कि कोई भी देश या टीम संगठन से बड़ी नहीं होती। शाह ने कहा कि कोई एक टीम मिलकर संगठन नहीं बना सकती। सभी टीमों के साथ आने से ही संगठन बनना है, इसलिए किसी को भी वेवजह विवाद खड़े नहीं करने चाहिये। माना जा रहा है कि शाह ने ये टिप्पणी टी20 विश्वकप से पहले बांग्लादेश और पाकिस्तान के विवाद खड़े करने को लेकर की है। बांग्लादेश ने अपने मैच तटस्थ स्थल पर नहीं रखे जाने के कारण विश्वकप का बहिष्कार किया था। वहीं पाक ने भी आईसीसी की फटकार के बाद बहिष्कार का फैसला वापस लिया था। शाह ने कहा है कि आईसीसी सभी सदस्य टीमों के सामूहिक प्रयास से चलता है। उन्होंने कहा, विश्व कप से पहले काफी अटकलें लगाई जा रही थीं कि कुछ टीमें हिस्सा लेंगी या नहीं। आईसीसी अध्यक्ष के तौर पर मैं इतना जरूर कह सकता हूं कि कोई भी टीम संगठन से बड़ी नहीं होती। कोई एक टीम मिलकर संगठन नहीं बनाती, बल्कि सभी टीमों के साथ मिलकर ही संगठन चलता है। शाह ने कहा कि विश्वकप बेहद सफल रहा। इसमें कुल व्यूअरशिप के सभी पुराने रिकॉर्ड टूट गए। इसमें सभी एसोसिएट टीमों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। अमेरिका, नीदरलैंड और नेपाल जैसे टीमों तक ने बड़ी टीमों को कड़ी टक्कर दी। बीसीसीआई के पूर्व सचिव रहे शाह ने कहा कि विश्वकप विजेता भारतीय टीम को 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक सहित आने वाले बड़े टूर्नामेंटों को ध्यान में रखते हुए अभी से मेहनत करनी चाहिये। विश्व कप से पहले बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने भारत आने से इनकार कर दिया था। इसके बाद आईसीसी ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया था। पाकिस्तान ने इसके बाद बांग्लादेश के समर्थन में विश्व कप के बहिष्कार की धमकी दी थी। पाकिस्तान ने पहले पूरे टूर्नामेंट के बहिष्कार की बात कही, फिर भारत के साथ ग्रुप स्टेज का मुकाबला न खेलने की बात कही पर आईसीसी के कड़े रुख के बाद उसे अपना फैसला बदलना पड़ा था। पाक टीम सुपर-8 से ही बाहर हो गयी थी। ईएमएस 15 मार्च 2026