राज्य
15-Mar-2026


नोएडा (ईएमएस)। नोएडा में ओखला पक्षी विहार मेट्रो स्टेशन के पास स्थित सेक्टर-94 गोलचक्कर के आकार को छोटा किया जाएगा। इसके अलावा गौशाला की ओर जाने वाली सड़क के डिवाइडर को भी ठीक किया जाएगा। प्राधिकरण के अधिकारियों का दावा है नोएडा में ओखला पक्षी विहार मेट्रो स्टेशन के पास स्थित सेक्टर-94 गोलचक्कर के आकार को छोटा किया जाएगा। इसके अलावा गौशाला की ओर जाने वाली सड़क के डिवाइडर को भी ठीक किया जाएगा। प्राधिकरण के अधिकारियों का दावा है कि इससे जाम में कमी आएगी। गोचलक्कर के आकार को छोटा करने से संबंधित काम कराने के लिए प्राधिकरण ने टेंडर जारी कर दिया है। अगले माह काम शुरू होने की उम्मीद है। प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि ओखला पक्षी विहार मेट्रो स्टेशन के पीछे से लोग गोलचक्कर की ओर जाते हैं। इसके अलावा कालिंदी कुंज की तरफ से आकर अंडरपास से निकलने के बाद भी इसी गोलचक्कर से होकर लोग विभिन्न स्थानों की ओर जाते हैं। यहां से लोग सेक्टर-94 के पोस्टमॉर्टम हाउस, अंतिम निवास, गौशाला के अलावा सेक्टर-125, 126 में स्थित एमिटी विश्वविद्यालय समेत कई आईटी व अन्य कंपनियों की ओर लोग आते-जाते हैं। ऐसे में इस सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ रहा है। व्यस्त समय में सेक्टर-94 गोलचक्कर पर जाम की समस्या भी हो जाती है। इसको देखते हुए प्राधिकरण ने गोलचक्कर का आकार छोटा करने का निर्णय लिया है। प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया गोलचक्कर से गौशाला की तरफ जाने वाली सड़क के डिवाइडर को भी ठीक किया जाएगा। इन दोनों उपायों से जाम में कमी आएगी। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि ये काम अगले महीने से होने शुरू हो जाएंगे। यमुना पुश्ते पर छह लेन का एक्सप्रेसवे बनना प्रस्तावित है। यह एक्सप्रेसवे सेक्टर-94 गोलचक्कर के पास से ही शुरू होगा। इस गोलचक्कर को एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। एक्सप्रेसवे बनाने को लेकर चार दिन पहले यूपीडा की सलाहकार एजेंसी के अधिकारी भी जायजा लेने आए थे। उम्मीद है कि दो से तीन महीने में एक्सप्रेसवे की डीपीआर तैयार कर आगे की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/15/मार्च/2026