राज्य
15-Mar-2026


इन्दौर (ईएमएस) शहर की शान बनने वाले महत्वपूर्ण मेट्रो प्रोजेक्ट की सुरक्षा में बड़ी सेंध लगाते शहर के शातिर चोर उसकी सुरक्षा के लिए लगी महत्वपूर्ण अर्थिंग केबलों को काटकर चुरा ले गए। चोरों ने वारदात को अंजाम देने के पहले मेट्रो प्रोजेक्ट को बिजली आपूर्ति देने वाली 132 केवी एक्स्ट्रा हाई टेंशन अंडरग्राउंड केबल को काट दिया। वारदात बाणगंगा थाना क्षेत्र की है। प्राप्त जानकारी अनुसार मेट्रो परियोजना के एमआर 10 स्थित 132 केवी सबस्टेशन को जैतपुरा के 220 केवी सब स्टेशन से डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जाती है। इस लाइन के एक सर्किट में बार-बार ट्रिपिंग की सूचना मिलने के बाद विभागीय टीम ने लाइन की पेट्रोलिंग की। तो जांच में पता चला कि एमआर-10 रोड पर मोनोपोल क्रमांक 50 और मेट्रो सबस्टेशन के बीच सड़क क्रॉसिंग के लिए डाली गई अंडरग्राउंड केबल का एक फेज क्षतिग्रस्त हो गया है। प्रारंभिक जांच के बाद चोरी की घटना सामने आई जिस कारण लाइन का एक सर्किट बंद हो गया था । फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था से बिजली आपूर्ति जारी रखी गई है। वहीं एक सर्किट पर सप्लाई के चलते शहर के कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। आनंद पुरोहित/ 15 मार्च 2026