ज़रा हटके
15-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। कोलेस्ट्रॉल अपने आप में कोई बीमारी नहीं है। वास्तव में यह शरीर के लिए जरूरी तत्वों में से एक है, जो कई महत्वपूर्ण शारीरिक प्रक्रियाओं में भूमिका निभाता है, यह कहना है विशेषज्ञों का। हेल्थ विशेषज्ञों के अनुसार, समस्या तब पैदा होती है जब शरीर में इसकी मात्रा सामान्य सीमा से अधिक हो जाती है, जो अक्सर असंतुलित खानपान और खराब जीवनशैली का परिणाम होता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, कोलेस्ट्रॉल एक प्रकार का चिपचिपा और सफेद रंग का वसा है, जो शरीर की कोशिकाओं और धमनियों में पाया जाता है। यह शरीर के लिए इसलिए जरूरी है क्योंकि इससे हार्मोन के निर्माण में मदद मिलती है और कई विटामिनों के अवशोषण में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। लेकिन जब शरीर में वसा की मात्रा जरूरत से ज्यादा बढ़ जाती है तो इसे खराब या बैड कोलेस्ट्रॉल कहा जाता है। यह धमनियों की दीवारों पर जमकर रक्त प्रवाह को प्रभावित करता है, जिससे हृदय रोग, हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है। आयुर्वेद में कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने के लिए कई प्राकृतिक उपाय बताए गए हैं। इनमें लहसुन का सेवन काफी प्रभावी माना जाता है। लहसुन में ऐसे तत्व पाए जाते हैं जो बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करते हैं। आयुर्वेद के अनुसार सुबह खाली पेट लहसुन की दो भुनी हुई कलियों का सेवन करने से लाभ मिल सकता है। इसे गुनगुने पानी के साथ लेना भी फायदेमंद माना जाता है। इसके अलावा मेथी दाना भी कोलेस्ट्रॉल नियंत्रित करने में मददगार माना गया है। मेथी में भरपूर मात्रा में फाइबर पाया जाता है, जो शरीर में वसा के स्तर को संतुलित रखने में सहायक होता है। सुबह खाली पेट मेथी दाने का सेवन करने या उसका पानी पीने से भी फायदा हो सकता है, हालांकि इसका सेवन रोजाना की बजाय एक दिन छोड़कर करना बेहतर माना जाता है। आयुर्वेद में अर्जुन की छाल का काढ़ा भी हृदय स्वास्थ्य के लिए उपयोगी बताया गया है। इसे हृदय रोगों के लिए लाभकारी माना जाता है और यह बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने के साथ अच्छे कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाने में मदद कर सकता है। वहीं धनिया का पानी भी लिवर को डिटॉक्स करने में सहायक माना जाता है, जिससे शरीर में अतिरिक्त कोलेस्ट्रॉल बनने की प्रक्रिया नियंत्रित हो सकती है। ज्यादा तैलीय और जंक फूड से परहेज करने के साथ नियमित व्यायाम और योग को दिनचर्या में शामिल करने से कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि इन उपायों के साथ संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाना भी जरूरी है। सुदामा/ईएमएस 15 मार्च 2026