- कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे और तेजस्वी यादव ने भी दी श्रद्धांजलि नई दिल्ली,(ईएमएस)। बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक और समाज सुधारक कांशीराम की जयंती के अवसर पर देश के कई राजनीतिक नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। इसी कड़ी में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कांशीराम को नमन करते हुए कहा, कि कांग्रेस बहुजन समाज की भागीदारी, सम्मान और संविधान की रक्षा के लिए पहले भी खड़ी थी, आज भी है और आगे भी हमेशा खड़ी रहेगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, कि बहुजन नायक कांशीराम का गरीबों, दलितों और वंचितों के अधिकारों के लिए किया गया संघर्ष और समर्पण देश के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि कांशीराम का मानना था कि संविधान ही दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों की असली ताकत है। राहुल गांधी ने अपने संदेश में यह भी कहा कि आज संविधान खतरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाबा साहेब के संविधान की शपथ लेकर सत्ता में बैठे लोग ही उसे कमजोर करने में लगे हैं। राहुल गांधी के अनुसार कांशीराम की विरासत बताती है कि जब तक सत्ता में भागीदारी नहीं होगी, तब तक सामाजिक न्याय संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय का यह सपना अधूरा नहीं रहेगा। दलित, वंचित, शोषित और पिछड़े वर्ग को संगठित किया: खड़गे इससे पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी कांशीराम को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि कांशीराम ने दलित, वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को संगठित कर उन्हें भारतीय राजनीति की मुख्यधारा में सम्मानजनक स्थान दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया। सामाजिक न्याय और समानता की लड़ाई में उनका योगदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा। हाशिये में खड़े लोगों को जगाया: तेजस्वी वहीं तेजस्वी यादव ने भी कांशीराम की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि उन्होंने वंचित वर्गों के राजनीतिक एकीकरण और उत्थान के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तेजस्वी यादव ने कहा कि कांशीराम ने समाज के हाशिए पर खड़े लोगों में सामाजिक और राजनीतिक चेतना जगाने का काम किया। उनके द्वारा दिखाए गए रास्ते पर चलकर ही देश में समान विकास और सामाजिक समता स्थापित की जा सकती है। इस तरह से देशभर में कांशीराम की जयंती के अवसर पर विभिन्न संगठनों और राजनीतिक दलों द्वारा उन्हें याद करते हुए सामाजिक न्याय और समानता के उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। हिदायत/ईएमएस 15मार्च26