व्यापार
15-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। इलेक्ट्रिक बाइक निर्माता कंपनी राप्टी.एचवी ने अपनी हाई-वोल्टेज टेक्नोलॉजी पर आधारित टी 30 इलेक्ट्रिक बाइक की ग्राहक डिलीवरी शुरू कर दी है। इस मोटरसाइकिल की एक्स-शोरूम कीमत 2.39 लाख रुपये रखी गई है। कंपनी इसके साथ 8 साल की बैटरी वारंटी और 3 साल की वाहन वारंटी दे रही है। यह कदम कंपनी के सात वर्षों से अधिक समय तक चले शोध और इंजीनियरिंग के बाद प्रोडक्ट डेवलपमेंट से व्यावसायिक स्तर पर पहुंचने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। ग्राहकों को बेहतर अनुभव देने के लिए सर्विस सपोर्ट, डेडिकेटेड सर्विस प्वाइंट ऑफ कॉन्टैक्ट और रोडसाइड असिस्टेंस जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। कंपनी की टी 30 इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल ने हाल ही में 19 दिनों में देशभर में 7,530 किलोमीटर की लंबी यात्रा पूरी कर एक नया रिकॉर्ड बनाया है। इस उपलब्धि के साथ इसका नाम एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। भारत में किसी इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल द्वारा इतनी लंबी दूरी तय करने का यह पहला मामला बताया जा रहा है। इस राइड के दौरान सीसीएस2 डीसी फास्ट चार्जिंग तकनीक का उपयोग किया गया, जिससे देशभर में मौजूद 40,000 से अधिक पब्लिक डीसी फास्ट चार्जर का लाभ लिया जा सका। इस चुनौतीपूर्ण यात्रा को राइडर बाला मणिकंदन ने पूरा किया, जिन्होंने औसतन प्रतिदिन 407 किलोमीटर की दूरी तय की। मोटरसाइकिल को फास्ट चार्जिंग स्टेशन पर लगभग 30 मिनट में चार्ज किया जा सका, जबकि एसी चार्जिंग पर 80 प्रतिशत चार्ज होने में करीब एक घंटा लगा। पूरी यात्रा के दौरान बार-बार फास्ट चार्जिंग के बावजूद बैटरी की सेहत 100 प्रतिशत बनी रही। राप्टी.एचवी के सीईओ और सह-संस्थापक दिनेश अर्जुन के अनुसार, T30 को सात वर्षों की मेहनत से विकसित किया गया है और इसमें हार्डवेयर व सॉफ्टवेयर दोनों का नियंत्रण कंपनी के पास है। सुदामा/ईएमएस 15 मार्च 2026