कोरबा (ईएमएस) कोरबा अंचल अंतर्गत स्टेडियम मार्ग से सीएसईबी चौराहा को जाने वाले मार्ग पर अवैध रूप से खड़े कर दिए गए अनेक मालवाहको पर पुलिस ने 283 के अंतर्गत कार्यवाही कर उन्हें जप्त कर लिया। ऐसी गाडिय़ों को पुलिस लाइन भिजवाया जा रहा है। पिछले कुछ दिन से इस रास्ते पर आवाजाही बाधित होने की सूचना प्राप्त हो रही थी। स्थिति ऐसी हो रही थी कि कहीं पर भी ऐसी गाडिय़ां लगा देने से एम्बुलेंस के साथ-साथ छोटी गाडिय़ां भी निकल नहीं पा रही थी और लोग परेशान हो रहे थे। स्थिति को सामान्य करने के लिए यातायात पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नीतीश ठाकुर और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में कोतवाली निरीक्षक एम.बी. पटेल, सीएसईबी चौकी प्रभारी भीमसेन यादव, सिविल लाइन प्रभारी नवीन पटेल सहित यातायात पुलिस ने मोर्चा संभाल कार्यवाही की। यहां से अनेक ट्रक व ट्रैलर जब्त किए गए। बताया गया कि इस मामले में अन्य धाराएं भी जोड़ी जा रही है। पुलिस ने बताया कि स्टेडियम से सीएसईबी चौराहा की तरफ जाने वाला रास्ता व्यस्त है। यह गाडिय़ों के संचालन के लिए बनाया गया है इसलिए सडक़ के दोनों तरफ किसी भी वहां को खड़ा नहीं करना है। इस वजह से समस्याएं उत्पन्न होती हैं और फिर आवागमन बुरी तरह से बाधित होता है। एक दिन पूर्व ही पुलिस ने अभियान चलाते हुए ध्यानचंद चौराहा, जोड़ा नहर पुल व सर्वमंगला चौक के पास ऐसे ही मामले को लेकर कार्यवाही की थी। शहरी क्षेत्र में उत्पन्न स्थितियों को ध्यान में रखते हुए अब यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि यातायात को सामान्य रखने के लिए लगातार कार्यवाही की जाएगी। प्रमुख मार्ग पर निगरानी करने के लिए पुलिस स्टाफ हर दिन दौरा करेंगे। कहा गया कि कोरबा औद्योगिक शहर है इसलिए वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है और इसी के हिसाब से व्यवस्थाएं दी जा रही हैं। इसके बावजूद मनमानी करने पर कार्यवाही की जाएगी। 15 मार्च / मित्तल