- पचपेड़ी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की बिलासपुर (ईएमएस)। पचपेड़ी थाना क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों के जेवरात पार कर दिए। परिवार के महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन जाने का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोडकऱ चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शिकायत के बाद पचपेड़ी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार ग्राम कुकुर्दीकेरा निवासी प्रमोद जायसवाल (37) किराना व्यवसायी हैं और गांव में दुकान संचालित करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 8 मार्च की सुबह वे अपने घर में ताला लगाकर परिवार के साथ उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर के दर्शन के लिए गए थे। दर्शन कर वापस लौटने के बाद शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे जब वे घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे की कुंडी और ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर प्रवेश करने पर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। अज्ञात चोरों ने अलमारी का लॉकर तोडकऱ उसमें रखे सोने का हार, कंगन सेट, मंगलसूत्र, अंगूठी, कान का टॉप्स, नथिया के साथ ही चांदी की पायल और कमरबंद चोरी कर लिए। घटना की जानकारी मिलने पर प्रमोद जायसवाल ने पचपेड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर आसपास के लोगों से पूछताछ और चोरों की तलाश शुरू कर दी है। मनोज राज 15 मार्च 2026