क्षेत्रीय
15-Mar-2026
...


- माइनिंग विभाग की चुप्पी पर उठे सवाल, कलेक्टर साहब, माइनिंग अधिकारी साहब जरा एक नजर इधर भी.... रायसेन। जनपद पंचायत सांची के अंतर्गत ग्राम पंचायत महू पथरई में मुख्य सड़क के पास और स्कूल भवन से चंद कदमों की दूरी पर सालों से एक अवैध ईंट भट्टा धड़ल्ले से संचालित हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह भट्टा मोहर सिंह ठाकुर द्वारा पट्टे की जमीन पर बिना किसी वैध अनुमति के चलाया जा रहा है। मामले में जिला माइनिंग विभाग की निष्क्रियता को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों के अनुसार पंचायत भवन, स्कूल और मुख्य सड़क के बिल्कुल नजदीक होने के बावजूद ईंट भट्टे का संचालन लगातार जारी है। भट्टे से निकलने वाले धुएं और आग की धुंध के कारण आसपास का वातावरण प्रदूषित हो रहा है। इसका सबसे ज्यादा असर स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों और पंचायत कार्यालय में काम करने वाले कर्मचारियों पर पड़ रहा है। जहरीले धुएं से उनका जीना दुश्वार हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ईंट भट्टे से उठने वाले धुएं के कारण स्कूल परिसर में बैठना मुश्किल हो जाता है। कई बार बच्चों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं पंचायत भवन में काम करने वाले कर्मचारियों को भी इसी तरह की समस्याएं झेलनी पड़ रही हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस अवैध ईंट भट्टे की जानकारी संबंधित विभागों को होने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों का कहना है कि जिला माइनिंग विभाग के अधिकारी इस मामले में कार्रवाई करने के बजाय मेहरबान बने हुए हैं। जिससे भट्टा संचालक के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि स्कूल और पंचायत भवन के पास संचालित हो रहे इस अवैध ईंट भट्टे की जांच कर तत्काल बंद कराया जाए। ताकि बच्चों और ग्रामीणों को प्रदूषण से राहत मिल सके।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे इस मामले को लेकर प्रशासन के उच्च अधिकारियों तक शिकायत करेंगे। फिलहाल यह देखना बाकी है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को कितनी गंभीरता से लेता है। किशोर वर्मा ems रायसेन १५/०३/२०२६