राज्य
15-Mar-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। तपती गर्मी से परेशान दिल्ली समेत उत्तर भारत को राहत मिलने वाली है। आईएमडी के अनुसार, 15-20 मार्च के बीच दिल्ली, यूपी, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, पहाड़ी राज्यों और झारखंड में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश, आंधी और ओले गिरने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से काफी राहत मिलेगी। कई राज्यों के लिए येलो अलर्ट भी जारी हुआ है। तपती धूप और बढ़ती गर्मी से परेशान दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में राहत है। मौसम ने फिर अपनी चाल बदली है और इस बार वह बारिश, आंधी के रूप में राहत लेकर आया है। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में आज मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है, सप्ताह की शुरुआत में गरज के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने से मौसम सुहावना हुआ है। आईएमडी ने रविवार (15 मार्च) को आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई थी। सुबह से ही बिजली कड़कने के साथ गरज और तेज हवाएं चल रही हैं। हवा की गति 30-40 किमी प्रति घंटा तक है, और कुछ झोंके 50 किमी प्रति घंटा तक भी चल रहे हैं। अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वहीं दिल्ली के मयूर विहार, आनंद विहार, न्यू अशोक नगर समेत कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई है। सोमवार (16 मार्च) को दिन के समय आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 15 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। मंगलवार (17 मार्च) को भी ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना है, दिन भर तेज हवाएं चलती रहेंगी। अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 16 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। बुधवार (18 मार्च) को शहर के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। तापमान में मामूली वृद्धि हो सकती है, अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/15/मार्च/2026