- बेटे का पहला जन्म दिन मातम में बदला जबलपुर (ईएमएस)। जबलपुर के देहात थाना मझगवां क्षेत्र में बच्चे का पहला जन्म दिन मना रहे पिता का डीजे बजाने को लेकर परिवारिक सदस्यों से विवाद होने के बाद पहले तो वह घर से बाहर निकला और फिर कुछ देर बाद वापस आकर अपने कमरे में फांसी के फंदे पर झूल गया। इस घटना के बाद बेटे के जन्मदिन की खुशियां तत्काल मातम में बदल गई । प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि देर रात डीजे बंद कराने को लेकर हुए विवाद के बाद युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में मझगवां थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को मझगवां कन्या स्कूल के पीछे रहने वाले राजेंद्र रजक ने बताया कि उसके बड़े बेटे 22 वर्षीय प्रिंस रजक के बच्चे का कल पहला जन्मदिन था। इसमें परिवार के सदस्यों सहित अन्य करीबी लोग घर पर जन्मदिन का कार्यक्रम करते हुए नाच-गाना कर रहे थे। इस बीच रात करीब 11 बजे आसपास के लोगों के विरोध के बाद परिवार वालों ने प्रिंस से डीजे बंद करने के लिए कहा। इस बात से नाराज होकर प्रिंस बिना कुछ कहे घर से निकल गया और करीब 2 घंटे बाद शराब पीकर वापस लौटा। घर लौटने के बाद उसने परिवार के सदस्यों से विवाद करते हुए कहा कि डीजे बजाने से क्यों रोका गया। परिवार वालों ने उसे समझाया कि रात ज्यादा हो गई थी, इसलिए डीजे बंद कराया गया। इसके बाद रात करीब 3 से 3:30 बजे के बीच प्रिंस अपने कमरे में गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद छोटे भाई ने दरवाजा खोला तो देखा कि प्रिंस ने पंखे में चुनरी के सहारे फांसी लगा ली थी। परिजन प्रिंस को फंदे से निकालकर सिहोरा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रिंस को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया है। ईएमएस / 15 मार्च 26