जबलपुर, (ईएमएस)। मेडिकल अस्पताल परिसर स्थित रैन बसेरे में एक करीब 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर गरीब नवाज कमेटी के सदस्यों ने आगे बढ़कर मानवीय पहल करते हुए लावारिस शव का तिलवारा मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार कराया। मामले की जानकारी मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर आसपास मौजूद लोगों से मृतक की शिनाख्त के लिए पूछताछ की गई, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। बाद में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव समिति को सौंप दिया। इसके बाद कमेटी के सदस्यों ने पूरे सम्मान के साथ तिलवारा मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया। इस दौरान रियाज अली, बाबू खान, दीपक निगम, बछु नांकनी, मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद कासिम, मोहम्मद नदीम, अब्दुल बारी, मोहम्मद अमीर और इसुफ मालगुजार मौजूद रहे। समिति के सदस्यों ने बताया कि लावारिस शवों को सम्मानजनक विदाई देना उनका मानवीय दायित्व है और वे समय-समय पर इस तरह की सेवा करते रहे हैं। सुनील साहू / शहबाज / 15 मार्च 2026