राज्य
15-Mar-2026
...


:: 24 हजार से अधिक परिवारों को मिली होम डिलीवरी :: इंदौर (ईएमएस)। कलेक्टर शिवम वर्मा के विशेष निर्देश पर रविवार को अवकाश के बावजूद इंदौर जिले की सभी 106 गैस एजेंसियां खुली रहीं, जिसके परिणामस्वरूप एक ही दिन में रिकॉर्ड 24 हजार 450 घरेलू गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया। जिला प्रशासन और तीनों प्रमुख ऑयल कंपनियों के आपसी समन्वय से सुबह 9 बजे से ही एजेंसियों पर बुकिंग और होम डिलीवरी की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित की गई। जिला आपूर्ति नियंत्रक एम.एल. मारू सहित खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने मैदानी स्तर पर मुस्तैद रहकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और उपभोक्ताओं की समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आगामी दिनों में भी बुकिंग के तीन दिवस के भीतर सिलेंडर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों ने आम जनता से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए आश्वस्त किया है कि आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। प्रकाश/15 मार्च 2026