राष्ट्रीय
15-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। ईरान से 70 से ज्यादा भारतीय छात्रों और टूरिस्ट का पहला जत्था रविवार सुबह सुरक्षित नई दिल्ली लौट आया है। जम्मू-कश्मीर छात्र संघ ने इस बात की पुष्टि की है कि ये छात्र अर्मेनिया के रास्ते भारत पहुंचे हैं। इस खबर से उन परिवारों ने बड़ी राहत की सांस ली है जो लंबे समय से संघर्षग्रस्त क्षेत्र में अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित थे। छात्रों की वतन वापसी का यह सफर आसान नहीं था। छात्रों ने ईरान के अलग-अलग शहरों से बॉर्डर पार कर अर्मेनिया तक बसों के जरिए एक लंबी और चुनौती भरी सड़क यात्रा की। इसके बाद उन्होंने येरेवान के ज्वार्टनोट्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दुबई के लिए फ्लाइट ली। दुबई से एक और कनेक्टिंग फ्लाइट के जरिए रविवार सुबह करीब 9:45 बजे ये छात्र दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरे। छात्रों के इस पहले जत्थे की वापसी कमर्शियल उड़ानों के जरिए संभव हो सकी है। सुबोध/१५-०३-२०२६