राज्य
15-Mar-2026
...


:: प्रबंध संचालक एस. कृष्ण चैतन्य ने परखीं सुविधाएं; सफल परीक्षण के बाद अब व्यावसायिक संचालन की बारी :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर मेट्रो के व्यावसायिक संचालन की दिशा में अंतिम और महत्वपूर्ण सुरक्षा परीक्षण शुरू हो गया है। कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (सीएमआरएस) नीलाभ सेन गुप्ता के नेतृत्व में 6 सदस्यीय दल ने सुपर कॉरिडोर से गेट नंबर 2 तक प्रायोरिटी कॉरिडोर का गहन निरीक्षण किया। इस प्रक्रिया के चलते सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए 15 से 18 मार्च 2026 तक मेट्रो सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। निरीक्षण कार्य पूरा होने के बाद सेवाएं पुनः बहाल की जाएंगी। :: 80 किमी की गति से हुआ ट्रायल :: निरीक्षण के दौरान मेट्रो ट्रेन की सुरक्षा और तकनीकी मजबूती को परखने के लिए उसे 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाया गया। इस दौरान विशेषज्ञों ने मेट्रो के ब्रेक सिस्टम, सिग्नलिंग और ट्रैक की गुणवत्ता का कड़ा परीक्षण किया। इससे पूर्व, मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के प्रबंध संचालक एस. कृष्ण चैतन्य ने भी स्वयं कॉरिडोर का विस्तृत दौरा कर स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं और तकनीकी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। :: जल्द शुरू होगा आम जनता के लिए सफर :: सीएमआरएस की यह चार दिवसीय जांच इंदौर मेट्रो के लिए सबसे अहम पड़ाव है। यदि सुरक्षा रिपोर्ट मानकों के अनुरूप रहती है, तो जल्द ही इंदौर वासियों को मेट्रो के व्यावसायिक सफर की सौगात मिल सकेगी। मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए बताया कि निरीक्षण पूरा होते ही सुचारू संचालन फिर से शुरू किया जाएगा। प्रकाश/15 मार्च 2026