राज्य
17-Mar-2026
...


- सीने, सिर और हाथ पर ताबड़तोड़ चाकू से वार - इलाके में तनाव का माहौल गोरखपुर (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब मॉर्निंग वॉक पर निकले एक पूर्व पार्षद की सरेराह चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान चिलुआताल थाना क्षेत्र के रहने वाले पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया और आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर हंगामा किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब साढ़े पांच बजे राजकुमार चौहान रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और अचानक चाकुओं से हमला कर दिया। हमले से बचने के लिए चौहान करीब 100 मीटर तक भागे, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा किया और दोबारा उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। बताया जा रहा है कि बदमाश इतने बेखौफ थे कि वे कुछ देर तक वहीं खड़े रहे और यह सुनिश्चित करते रहे कि उनकी मौत हो चुकी है। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। गंभीर हालत में राजकुमार चौहान को बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने उनके सीने, सिर और हाथ पर कई बार चाकू से वार किए थे। बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी गाड़ी कुछ दूरी पर खड़ी कर पैदल घटनास्थल तक पहुंचे थे। हत्या की खबर फैलते ही क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और गोरखपुर-सुनोली रोड को जाम कर प्रदर्शन करने लगे। करीब 200 से ज्यादा लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालात को देखते हुए करीब 10 थानों की पुलिस बल को भी तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और हमलावरों की तलाश के लिए कई टीमों को लगाया गया है।