राष्ट्रीय
17-Mar-2026
...


बिहार में राज्यसभा मतदान के बाद एनडीए के सभी पांच प्रत्याशियों की जीत तय पटना,(ईएमएस)। बिहार के सीएम नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना तय है। सोमवार को हुए मतदान के बाद रिजल्ट जारी हुआ और एनडीए के सभी पांच प्रत्याशियों की जीत तय कर दी गई। रिजल्ट के बाद एनडीए के इन नेताओं को बधाई मिल रही है। सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत ने भी अपने पिता को जीत की बधाई दी है। राज्यसभा चुनाव के रिजल्ट के बाद निशांत ने अपने एक्स हैंडल से सोमवार की शाम चार तस्वीरें शेयर कीं। एक तस्वीर में वह अपने पिता नीतीश कुमार को गुलदस्ता देते नजर आ रहे हैं। एक दूसरी तस्वीर में पिता के कंधे पर हाथ रखकर मुस्कुराते दिख रहे हैं। फोटो शेयर करते हुए निशांत ने लिखा है, जय बिहार! आज एनडीए के पांचों लोगों की निर्णायक जीत पर मैंने पिताजी को बधाई दी। जिन्होंने हर बिहारवासी को गौरवान्वित किया उन्हें बधाई। अभिनंदन। एक पुत्र के रूप में मैं खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। वहीं एनडीए के सभी पांच प्रत्याशियों की जीत पर जेडीयू के एक्स हैंडल से लिखा गया- राज्यसभा चुनाव में एकजुट एनडीए ने बिहार के लिए नया इतिहास रच दिया है। पांचों सीटों पर शानदार जीत एनडीए की मजबूत एकजुटता का परिणाम है। यह सफलता सीएम नीतीश कुमार के दूरदर्शी नेतृत्व पर विश्वास और उनकी रणनीति की जीत है। समृद्धि की ओर बढ़ता बिहार हर क्षेत्र में विकास की नई संभावनाओं के साथ आगे बढ़ रहा है। एनडीए की यह निर्णायक जीत बिहार की प्रगति और एकजुटता की कहानी को और मजबूत करती है। दूसरी ओर राज्यसभा चुनाव जीतने पर बीजेपी नेता शिवेश कुमार ने कहा कि पहले दिन से ही मैं कह रहा था कि हम एक हैं और मैं पीएम मोदी का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, जिन्होंने बिहार से रविदास समाज का बेटा भेजा...हम एक थे और पहले दिन से ही मेरा अंदाजा था कि हम जीतेंगे। कोई कन्फ्यूजन नहीं था। सिराज/ईएमएस 17मार्च26 -------------------------------