क्षेत्रीय
17-Mar-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। शहर के टिकरापारा क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने अपने सौतेले पिता पर हमला कर दिया। आरोप है कि युवक ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की और ईंट से सिर पर वार कर दिया। घटना में पीडि़त को सिर और हाथ में चोट आई है। शिकायत के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टिकरापारा निवासी आशीष कुशवाहा ने पुलिस को बताया कि वह मूर्ति बनाने का काम करता है। 14 मार्च की रात करीब 11 बजे वह खाना खाने के बाद गुड़ाखू घिसने के लिए घर से बाहर निकला था। इसी दौरान उसका सौतेला बेटा दुर्गेश चंद्राकर उर्फ प्रिंस वहां पहुंच गया और उसे पत्नी व बच्चों के साथ घर से निकल जाने को कहने लगा। आशीष ने इसका विरोध किया तो आरोपी गुस्से में आ गया और गालियां देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगा। पीडि़त के मुताबिक आरोपी ने यह भी कहा कि उसके खिलाफ रिपोर्ट करते हो और जान से मारने की धमकी देते हुए पास में पड़ी ईंट उठाकर उसके सिर पर मार दी। मारपीट में आशीष के सिर और दाहिने हाथ में चोट आई है। शोर सुनकर उसकी पत्नी संतोषी और बेटी मुस्कान मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव किया। शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मनोज राज 17 मार्च 2026