क्षेत्रीय
17-Mar-2026
...


- मूल्यांकनकर्ताओं ने बताया इंग्लिश में ग्रामर की ज्यादा गलतियां, पहले दिन प्रत्येक शिक्षक को पांच-पांच उत्तरपुस्तिकाएं जांचने के लिए मिलीं बिलासपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं 12वीं बोर्ड परीक्षाएं समाप्त होने के बाद जिले में उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके लिए शहर में सेजेस महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल और कन्या शाला सरकंडा को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। पहले दिन सभी मूल्यांकनकर्ताओं को कॉपी जांचने से पहले प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद अभ्यास के तौर पर प्रत्येक शिक्षक को पांच-पांच उत्तरपुस्तिकाएं जांचने के लिए दी गईं। मूल्यांकन के दौरान कई उत्तरपुस्तिकाओं में विद्यार्थियों ने अपनी व्यक्तिगत परेशानियां लिखते हुए पास करने की गुहार भी लगाई है। हालांकि परीक्षकों ने बताया कि उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरी तरह नियमानुसार किया जा रहा है। लेखन में सुधार, लेकिन इंग्लिश में ग्रामर कमजोर मूल्यांकन कर रहे शिक्षकों के अनुसार इस वर्ष पिछले वर्षों की तुलना में विद्यार्थियों की लेखन क्षमता में सुधार देखा गया है। अधिकांश विद्यार्थियों ने उत्तरपुस्तिकाओं को लगभग पूरा भरा है। हालांकि कठिन विषय माने जाने वाले इंग्लिश में ग्रामर की काफी गलतियां सामने आ रही हैं। दो केंद्रों पर 1.40 लाख कॉपियां पहुंचीं जानकारी के अनुसार सेजेस महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल में कक्षा 10वीं की करीब 50 हजार और 12वीं की 19 हजार उत्तरपुस्तिकाएं जांच के लिए भेजी गई हैं। वहीं कन्या शाला सरकंडा केंद्र में 12वीं की लगभग 20 हजार और 10वीं की करीब 51 हजार उत्तरपुस्तिकाएं पहुंची हैं। मनोज राज 17 मार्च 2026