- आनंद मेला और ओपन माइक से बढ़ा उत्साह बिलासपुर (ईएमएस)। शासकीय ई. राघवेन्द्र राव स्नातकोत्तर विज्ञान महाविद्यालय में तीन दिवसीय साइंस फेस्ट ‘विज्ञानोवा-2026’ की शुरुआत सोमवार को उत्साह और उल्लास के साथ हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. डी.पी. साहू, प्रोफेसर डॉ. ए.के. साव, डॉ. उषा तिवारी, डॉ. शशिकांत राठौर तथा अतिथि डॉ. प्रियदर्श (मेडिकल कॉलेज सिलवासा) मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को ज्ञान, विज्ञान और नवाचार के प्रति प्रेरित करते हुए संक्षिप्त संबोधन दिया। भौतिकी विभाग की फिजिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस फेस्ट के पहले दिन परिसर में आनंद मेला, विज्ञान से जुड़े रोचक खेल, फूड स्टॉल और ओपन माइक जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए फूड और गेम स्टॉल में विद्यार्थियों ने बढ़-चढकऱ हिस्सा लिया और पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया। ओपन माइक में छात्रों ने दिखाई रचनात्मकता ओपन माइक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने कविता, शायरी, गीत, नृत्य और स्टैंड-अप कॉमेडी प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं विज्ञान से जुड़े खेलों और प्रतियोगिताओं में भाग लेकर कई विद्यार्थियों ने आकर्षक पुरस्कार भी जीते। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों के साथ विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेकर उनका उत्साह बढ़ाया। 16 से 18 मार्च तक चलेंगे कार्यक्रम आयोजकों के अनुसार साइंस फेस्ट का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना, रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना और उनकी नवाचार क्षमता को मंच प्रदान करना है। तीन दिवसीय यह आयोजन 16 से 18 मार्च तक चलेगा, जिसमें साइंस मॉडल प्रतियोगिता, रोचक गतिविधियाँ और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। मनोज राज 17 मार्च 2026