खेल
17-Mar-2026
...


चेन्नई (ईएमएस)। रॉजस्थान रॉयल्स के पूर्व कप्तान संजू सैमसन इस सत्र में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) से खेलते नजर आयेंगे। सैमसन ने जिस प्रकार लंबे समय तक रॉयल्स की ओर से खेलने के बाद उसे छोड़ा उसको लेकर कई बार सवाल उठते रहे हैं। जिसको लेकर अब संजू ने अपनी बात रखी है। उनका कहना है कि रॉयल्स में उनका समय समाप्त हो गया था। सैमसन आईपीएल 2026 की नीलामी से पहले एक ट्रेड डील के जरिये सीएसके में चले गये थे। सैमसन के रॉयल्स छोड़कर अचानक ही सीएसके में जाने से प्रशंसक भी हैरान थे। इसी को देखते हुए आईपीएल के 2026 सत्र से पहले सैमसन ने रॉयल्स छोड़ने के अपने फैसले को लेकर बताया है। सैमसन के अनुसार उन्होंने साल 2018 से 2025 तक रॉयल्स की ओर से खेलने ेक बाद देखा कि अब टीम के साथ उनका समय पूरा हो गया है। सैमसन ने रॉयल्स के लिए 11 आईपीएल सीजन खेले हैं। जिससे वह टीम के सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। वह 2013 से 2015 तक भी इस टीम का हिस्सा रहे थे, इसके बाद उन्होंने दो सत्र 2016-2017 तब की टीम दिल्ली डेयरडेविल्स से खेला था। सैमसन ने कहा, “यह पहली बार है जब मैं आईपीएल में राजस्थान के खिलाफ खेलने जा रहा हूं। मैं मैदान पर कदम रखते ही भावनाओं के बारे में ज्यादा नहीं सोचता। खेल ही सब कुछ तय करता है। मैच से पहले और मैच के बाद, जब मैं पुरानी टीम के साथ खेलता हूं, तो वहां कई खिलाड़ी हैं जिनके साथ हमने बचपन में खेला है। बहुत सारे प्रबंधन से जुड़े और सहयोगी स्टाफ के सदस्य भी हैं। मुझे सबका प्यार और सम्मान मिला है। मैंने पहले कहा, हर किसी का अपना समय होता है। मेरा समय राजस्थान रॉयल्स के साथ था पर अब मैंने आगे बढ़ने का फैसला किया है। इसको लेकर मेरा मन उत्साहित भी है।” ईएमएस 17 मार्च 2026