राष्ट्रीय
17-Mar-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने कई फिल्मों में दमदार रोल निभाकर फैंस के दिलों पर राज किया है। आज भले ही वो पहले की तरह बड़े पर्दे पर उतनी सक्रिय नहीं हैं, लेकिन वह हमेशा किसी न किसी वजह से खबरों में रहती हैं। फ़िलहाल शिल्पा शेट्टी एक बड़ी वजह से खबरों में हैं, शिल्पा की एक फोटो को लेकर कोर्ट में बड़ी बहस हुई। इसमें कोर्ट ने अहम आदेश दिए हैं और बॉम्बे हाई कोर्ट ने शिल्पा को राहत दी है। दरअसल कुछ महीने पहले शिल्पा के कुछ ‘डीपफेक’ वीडियो वायरल हुए थे। बॉम्बे हाई कोर्ट में शिल्पा शेट्टी ने एक याचिका फाइल की थी जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के जरिए बनाए गए डीपफेक वीडियो और फोटो को संबंधित वेबसाइट से हटाने की मांग की गई थी। शिल्पा शेट्टी ने याचिका में दावा किया था कि कुछ अनजान लोग और वेबसाइट बिना सहमति के आपत्तिजनक कंटेंट बना रहे हैं, उनकी इमेज खराब कर रहे हैं और उनकी निजी जिंदगी में दखल दे रहे हैं। जिसपर बॉम्बे हाई कोर्ट ने संबंधित डिफेंडेंट्स को 8 दिनों के अंदर अभिनेत्री से जुड़े डीपफेक वीडियो, फोटो और लिंक डिलीट करने का आदेश दिया है। शिल्पा शेट्टी की तरफ से दायर याचिका पर न्यायाधीश शर्मिला देशमुख के सामने सुनवाई हुई। देशमुख के दिए फैसले के मुताबिक, कोर्ट ने आपत्तिजनक डीपफेक वीडियो हटाने का आदेश देते हुए कहा है कि किसी भी व्यक्ति, खासकर महिला की इमेज को इस तरह से पेश नहीं किया जा सकता, जिससे उसकी इज्जत को ठेस पहुंचे। सिर्फ शिल्पा शेट्टी ही नहीं, बल्कि चमक-दमक वाली दुनिया की कई अभिनेत्रियों के डीपफेक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए। जिससे अभिनेत्री को लेकर सोशल मीडिया पर कई अनचाहे चर्चा होने लगे। अभिनेत्री रश्मिका मंदाना, आलिया भट्ट, कैटरीना कैफ के डीपफेक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए। चमक-दमक वाली दुनिया की कई हस्तियों ने इस पर अपना विरोध जताया है। रश्मिका का वीडियो वायरल होने के बाद बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए... इतना ही नहीं, कई हस्तियों ने एआई के नेगेटिव साइड को भी हाईलाइट किया है। संजय/संतोष झा- १७ मार्च/२०२६/ईएमएस