17-Mar-2026
...


- खोयरी महादेव मंदिर में दोबारा हुई चोरी, गेती-पत्थर से तोड़ा ताला, बाल्टी में भरे रुपए राजगढ़(ईएमएस)l नगर के प्रसिद्ध खोयरी महादेव मंदिर में मंगलवार सुबह एक बार फिर चोरी की वारदात सामने आई है। सुबह 5 बजकर 48 मिनट पर एक नकाबपोश युवक मंदिर परिसर में दाखिल हुआ और महज 5 मिनट के भीतर दानपेटी तोड़कर उसमे डली नगदी लेकर फरार हो गया। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। यह बीते एक साल के भीतर मंदिर में चोरी की दूसरी घटना है। इससे पहले मन्दिर में 7 जून 2025 को भी दान पेटी को अज्ञात चोर ने तोड़ा कर पेसो की चोरी की थी। बता दें दानपेटी को शिवरात्रि के कुछ दिन बाद खोला गया था इसके बाद से दानपेटी नहीं खोली गई। इसमें कितने रूपए थे इसका अंदाजा नहीं है। जानकारी अनुसार मंगलवार को सुबह 5 बजकर 48 मिनिट पर एक नकाबपोश अज्ञात चोर सीधे नंदी हॉल पहुंचा, जहां बड़ी दानपेटी रखी हुई थी। उसने पहले आसपास का जायजा लिया, फिर मंदिर परिसर में पड़ी लोहे की गेती और एक भारी पत्थर उठाकर दानपेटी का ताला तोड़ दिया। इसके बाद परिसर में रखी प्लास्टिक की बाल्टी को उठाकर आया और फिर दानपेटी में जमा नकदी को तेजी से भर लिया। पूरी वारदात को उसने बेहद सुनियोजित और बेखौफ अंदाज में अंजाम दिया और सुबह 5 बजकर 53 मिनट पर मौके से फरार हो गया। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब मंदिर के पुजारी सुबह 7 बजे आरती के लिए पहुंचे । उन्होंने नंदी हॉल में गेती और पत्थर पड़े देखे और दानपेटी टूटी हुई पाई। इसके बाद उन्होंने तुरंत मंदिर समिति अध्यक्ष को सूचना दी। समिति के अध्यक्ष गोपाल विजयवर्गीय मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेने के बाद राजगढ़ कोतवाली थाने में अज्ञात आरोपी पर कार्रवाई किए जाने की शिकायत का आवेदन सौंपा है। मंदिर के अध्यक्ष के अनुसार, इससे पहले 7 जून 2025 को भी मंदिर में चोरी हुई थी, लेकिन उस मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सका है। लगातार हो रही घटनाओं से श्रद्धालुओं में आक्रोश है। -निखिल/राजगढ़/17/3/2026