17-Mar-2026
...


- घायल युवक ने 15 दिन बाद तोड़ा दम, पुलिस ने बढ़ाई हत्या की धारा भोपाल(ईएमएस)। शहर के अशोकागार्डन थाना इलाके में स्थित कैलाश नगर सेमरा में करीब 15 दिन पहले मारपीट और चाकू से घातक वार से घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने पूर्व में ही आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया था। युवक की मौत के बाद दर्ज प्रकरण में हत्या की धारा का इजाफा किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक कैलाश नगर में रहने वाला अंकित जोशी ड्रायवरी करता था। कुछ समय पहले उसके पड़ोस में रहने वाले मोहित रोहे ने उस पर अपना मोबाइल चोरी करने का आरोप लगाया था। इस बात को लेकर उनके बीच तनातनी चल रही थी। बीती 1 मार्च शाम करीब 7 बजे अंकित उसके घर पर गया था, जहां उसकी बहन मिली और उसने बताया कि वह मोबाइल उसके पास रखा हुआ है। इसी बीच उसकी मां भी आ गई तो वह उससे बातचीत करने के लिए जाने लगा। तभी आरोपी मोहित रोहे आया और उसने अंकित के साथ मारपीट करते हुए उसके गले पर चाकू से वार कर दिया। चाकू लगने से अंकित गंभीर रुप से घायल हो गया था। परिजनों ने आरोप लगाया है, कि आरोपी ने उसकी गर्दन पर पीछे से चाकू से हमला किया था, जिससे उसकी गर्दन की नस कट गई थी। परिजनों ने उसे नाजूक हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। घायल अंकित को पहले जेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे हमीदिया अस्पताल रेफर कर दिया था। वहां उपचार के दौरान लगातार उसकी हालत नाजूक होती गई आखिरकार सोमवार रात उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल से मिली सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक का शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा जहॉ से बाद में शव परिजनो को सौपं दिया गया। उस समय लोगों ने आरोपी युवक को एक कमरे में बंद कर दिया था। इसलिए पुलिस उसे पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब पुलिस मामले में हत्या की धारा बढ़ाने की तैयारी कर रही है। फिलहाल अशोकागार्डन थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। जुनेद / 17 मार्च