भोपाल(ईएमएस)। एमपी नगर स्थित नापतौल विभाग को एक बार फिर से धमकी भरा ई-मेल मिलने से सनसनी फैल गई है। गोरतलब है कि इसके पहले सोमवार को भी एक अज्ञात व्यक्ति ने ई-मेल के जरिए साइनाइड बम विस्फोट कर विभाग को उड़ाने की धमकी दी थी। इसके बाद मंगलवार को फिर नापतौल विभाग को दूसरा ई-मेल भेज कर आरडीएक्स बम ब्लास्ट की धमकी देते हुए कहा, कि 2 बजे तक सभी लोगों को बाहर निकाल लें, क्योंकि दोपहर 2 बजे बम फटेंगे। ई-मेल मिलने के बाद एक बार फिर प्रशासन और पुलिस विभाग एक्शन में आ गया। जानकारी के अनुसार सोमवार को मिले ई-मेल में पुलिस की तलाशी तकनीकों की जांच की बात कही गई थी। वहीं अब पाकिस्तान के ड्रोन का इस्तेमाल करके दफ्तर में 4 छोटे आरडीएक्स बम लगाए जाने का जिक्र किया गया है। लिखा था की ये बम 2 बजे फटेंगे साथ ही सभी को तुरंत बाहर निकालने के लिए कहा गया। ई-मेल में तमिलनाडु चुनाव और डीएमके का जिक्र किया गया है। मेल लीगल मेट्रोलॉजी को संबोधित करते हुए लिखा है कि, भोपाल में तमिलनाडु की राजनीति को लाने के लिए माफी चाहता हूं। क्योंकि हमारे पास कोई चारा नहीं हैं। क्योंकि चेन्नई की मीडिया डीएमके के समर्थन में हैं। इसके बाद मेल में तमिलनाडु में महिला उत्पीड़न को लेकर सवाल उठाए गए हैं। इसके साथ ही डीएमके सरकार और वहां की मीडिया को लेकर सवाल उठाए गये हैं। सूचना मिलते ही एमपी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और विभाग के कार्यालय में सर्चिंग कराई गई। सुरक्षा के लिहाज से कर्मचारियों को ऑफिस से बाहर कर दिया गया। एमपी नगर थाना प्रभारी जय हिंद शर्मा ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने पूरे कार्यालय की जांच कराई, लेकिन मौके पर कोई संदिग्ध वस्तु या बम नहीं मिला। फिलहाल पुलिस ई-मेल भेजने वाले की पहचान जुटाने के प्रयास में लगी है। जुनेद / 17 मार्च