:: खुडैल पुलिस पर पक्षपात का आरोप, पीड़ित ने प्रेस क्लब में लगाई न्याय की गुहार :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर के कंपेल क्षेत्र में एक परिवार को अपने ही घर तक पहुँचने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। पीड़ित रितेश राठौर (गोलू) ने इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि उनके पड़ोसी हेमंत गिरी, लता गिरी, रोशन गिरी और संतोष टेलर सहित अन्य साथियों ने उनके मकान नंबर 704 तक जाने वाले सरकारी रास्ते पर अवैध निर्माण कर उसे बंद कर दिया है। रितेश का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उनके परिवार पर पथराव और मारपीट की, जिसके वीडियो साक्ष्य भी मौजूद हैं। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि खुडैल थाना और कंपेल चौकी प्रभारी राजनीतिक दबाव में काम कर रहे हैं। शिकायत के बावजूद आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय, पुलिस पीड़ित पर ही झूठे केस का दबाव बना रही है और उनके घर का वैध निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच और सरकारी रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अनहोनी से बचा जा सके। प्रकाश/16 मार्च 2026