राज्य
17-Mar-2026
...


* उपभोक्ता पैनिक ना हों, कालाबाजारी करने के मामले में तीन प्राथमिकी दर्ज हुई- एसपी * जमाखोरों एव कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध पुलिस कर रही सख्त कार्रवाई- एसपी मधुबनी, (ईएमएस)। बिहार के मधुबनी जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं वितरण की वर्तमान स्थिति को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी आनंद शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर महत्वपूर्ण जानकारी साझा किया। डीएम ने कहा कि जिला के उपभोक्ताओं को एलपीजी गैस की आपूर्ति के लिए जिला प्रशासन सख्त है। डीएम ने कहा कि जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। किसी उपभोक्ता को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील किया है कि पैनिक होकर अनावश्यक बुकिंग न करें। घरों में अनावश्यक सिलेंडर का भंडारण न करें। कालाबाजारी और जमाखोरी पर प्रशासन की कड़ी नजर बनी हुई है। जिला प्रशासन अब फिर से उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी कराने के लिए प्रयासरत है। स्थिति सामान्य होते ही दो से तीन दिनों के अंदर होम डिलीवरी प्रारंभ हो जाएगी। फिलहाल सुरक्षा के दृष्टिकोण से होम डिलीवरी बंद है। डीएम ने कहा कि जिले में लगभग 10 लाख एलपीजी उपभोक्ता हैं। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। आमजन सहयोग करें, अफवाहों से बचें और व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का साथ दें। * जमाखोरों एव कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध पुलिस कर रही सख्त कार्रवाई एसपी योगेंद्र कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन एवं पुलिस जमाखोरों एव कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि अब तक 3 प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोषी व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में एसेंशियल एक्ट के तहत मामलों में स्पीडी ट्रायल चलाकर जल्द सजा दिलाई जाएगी। प्रेस वार्ता में डीपीआरओ परिमल कुमार, आपूर्ति पदाधिकारी कुमार दीपक उपस्थित थे। कार्तिक कुमार/संतोष झा- १७ मार्च/२०२६/ईएमएस