राज्य
17-Mar-2026


भोपाल (ईएमएस) । भारतीय डाक विभाग द्वारा अपनी सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, त्वरित एवं ग्राहक-हितैषी बनाने की दिशा में 17 मार्च 2026 को 24 स्पीड पोस्टÓ, 48 स्पीड पोस्टÓ तथा 24 स्पीड पोस्ट पार्सलÓ सेवाओं का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर ग्राहकों एवं व्यापारिक सहयोगियों के साथ संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से कॉन्फ्रेंस हॉल, प्रथम तल, डाक भवन, अरेरा हिल्स, भोपाल में ग्राहक सम्मेलन का आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि इन नई सेवाओं का औपचारिक शुभारंभ संचार मंत्री एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया तथा संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री चन्द्रशेखर पेम्मासानी द्वारा नई दिल्ली से किया गया। इस अवसर का सीधा (लाइव) प्रसारण भोपाल में आयोजित ग्राहक सम्मेलन में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को दिखाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए आर.एस. रघुवंशी, निदेशक डाक सेवाएँ (मुख्यालय) ने कहा कि भारतीय डाक विभाग निरंतर अपनी सेवाओं को आधुनिक एवं अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रयासरत है। 24 स्पीड पोस्टÓ, 48 स्पीड पोस्टÓ एवं 24 स्पीड पोस्ट पार्सलÓ सेवाओं की शुरुआत से ग्राहकों को समयबद्ध, विश्वसनीय एवं त्वरित डाक एवं पार्सल वितरण की सुविधा प्राप्त होगी, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में इन सेवाओं को देश के चुनिंदा बड़े शहरों दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बैंगलोर एवं हैदराबाद में प्रारंभ किया गया है, जिसे चरणबद्ध रूप से आगे चलकर अन्य शहरों में भी विस्तारित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक ग्राहकों को इस सुविधा का लाभ मिल सके। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्राहकों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं अन्य हितधारकों के साथ डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनसे प्राप्त सुझावों का भी स्वागत किया गया। साथ ही स्पीड पोस्ट, पार्सल सेवाओं एवं अन्य लॉजिस्टिक सेवाओं की विशेषताओं की जानकारी भी साझा की गई। ग्राहक सम्मेलन में उपस्थित सम्मानित ग्राहकों एवं व्यापारिक सहयोगियों ने डाक विभाग की इस नई पहल का स्वागत किया तथा भविष्य में भी विभाग के साथ सहयोग बनाए रखने का विश्वास व्यक्त किया। भारतीय डाक विभाग ने इस अवसर पर सभी ग्राहकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए आशा व्यक्त की कि इस प्रकार के संवादात्मक कार्यक्रमों से विभाग एवं ग्राहकों के मध्य सहयोग और अधिक सुदृढ़ होगा। आशीष पाराशर/17 मार्च2026