राज्य
17-Mar-2026
...


- जैविक विज्ञान में शोध को मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान भोपाल(ईएमएस)। एम्स भोपाल चिकित्सा सेवाओं, शिक्षा और शोध के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियाँ हासिल कर रहा है। इसी क्रम में एम्स भोपाल के जैव रसायन विभाग के अतिरिक्त प्रोफेसर डॉ. सुखेश मुखर्जी को प्रतिष्ठित रॉयल सोसाइटी ऑफ बायोलॉजी की फेलोशिप प्रदान की गई है। यह सम्मान जैविक विज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले वैज्ञानिकों को दिया जाता है और इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अत्यंत प्रतिष्ठित सम्मान माना जाता है। डॉ. सुखेश मुखर्जी का शोध कार्य मुख्य रूप से रोगों के आणविक तंत्र को समझने और नई उपचार रणनीतियों के विकास पर केंद्रित है। उनके शोध से यह समझने में मदद मिलती है कि विभिन्न रोग शरीर में किस प्रकार विकसित होते हैं और उन्हें प्रभावी तरीके से कैसे नियंत्रित या उपचारित किया जा सकता है। उनके अनेक शोध कार्य प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं, जिससे चिकित्सा विज्ञान को नई दिशा मिली है। एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ प्रो. (डॉ.) माधवानन्द कर ने डॉ. मुखर्जी को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और कहा कि संस्थान ऐसे शोध कार्यों को प्रोत्साहित करता है जो समाज और मरीजों के लिए उपयोगी हों। रॉयल सोसाइटी ऑफ बायोलॉजी एक प्रतिष्ठित संगठन है जो जैविक विज्ञान के विकास और वैज्ञानिक सहयोग को बढ़ावा देता है। इस संस्था की फेलोशिप प्राप्त करना वैज्ञानिक उपलब्धि और शोध के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान की महत्वपूर्ण पहचान मानी जाती है। इस सम्मान से डॉ. सुखेश मुखर्जी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अन्य वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं के साथ सहयोग करने के नए अवसर प्राप्त होंगे। इससे जैविक विज्ञान और चिकित्सा अनुसंधान को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी और भविष्य में बेहतर उपचार विकल्प विकसित होने की संभावना बढ़ेगी। हरि प्रसाद पाल / 17 मार्च, 2026