राज्य
17-Mar-2026


:: सर्वाइकल कैंसर से बेटियों की सुरक्षा में मध्यप्रदेश देश में प्रथम; उप मुख्यमंत्री ने दी बधाई :: इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश ने किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित रखने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश में 14 वर्ष आयु वर्ग की एक लाख से अधिक बालिकाओं का एचपीवी (HPV) टीकाकरण पूर्ण हो चुका है। इस सफलता पर उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की टीम को बधाई देते हुए इसे बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए ऐतिहासिक कदम बताया है। उप मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 28 फरवरी 2026 को अजमेर से शुरू किए गए इस राष्ट्रीय अभियान में मध्यप्रदेश देश का सर्वाधिक टीकाकरण वाला राज्य बन गया है। इस उपलब्धि में विशेष रूप से मंडला, बालाघाट, डिंडोरी, राजगढ़ और खरगोन जिलों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। अभियान की सफलता के लिए स्कूल शिक्षा, महिला एवं बाल विकास और पंचायत विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया। राजेंद्र शुक्ल ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 वर्षीय बेटियों का टीकाकरण अनिवार्य रूप से कराएं ताकि उन्हें भविष्य में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाया जा सके। उन्होंने शेष पात्र बालिकाओं का टीकाकरण भी शीघ्र पूर्ण करने की प्रतिबद्धता दोहराई है। प्रकाश/17 मार्च 2026