राज्य
17-Mar-2026


किसी भी सूरत में कार्यालय संचालित नहीं होने दिया जाएगाः जगत मर्तोलिया देहरादून (ईएमएस)। आउटलेट के नीचे ब्लॉक प्रमुख का कार्यालय बनाए जाने पर निर्वतमान जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया भड़क गए है। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को पत्र लिखकर धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर समूह की महिलाओं के उत्पादों को रखने तथा पैकिंग और ग्रेडिंग करने के लिए गोदाम प्रस्तावित था, वहां पर कार्यालय किसी भी सूरत में संचालित नहीं होने दिया जाएगा। निर्वतमान सदस्य मर्तोलिया ने बताया कि अपने कार्यकाल में उन्होंने एमबीडीपी से बीस लाख रुपए का बजट स्वीकृत कराकर एक विजन के तहत विकासखंड मुनस्यारी के महिला स्वयं सहायता समूह के उत्पादों को बिक्री के लिए आउटलेट का निर्माण कराया था। मर्तोलिया ने कहा है कि निर्माण के समय ही आउटलेट के नीचे के भाग में गोदाम प्रस्तावित किया गया। उन्होंने कहा कि गोदाम के साथ-साथ महिलाओं के लिए एक आधुनिक शौचालय बनाने जाने की बात पर भी सहमति हुई थी। उन्होंने कहा कि आउटलेट के नीचे उत्पादों को रखने के साथ ग्रेडिंग और पैकेजिंग के लिए गोदाम के नितांत आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि उसके बावजूद इस स्थान पर ब्लॉक प्रमुख का कार्यालय बनाया जाना बेहद आपत्तिजनक है। उन्होंने कहा कि इस बात की भनक लगते ही बीते दिनों उन्होंने खंड विकास अधिकारी नेहा कुमारी से मिलकर मौखिक रूप से उनके सम्मुख इस प्रस्ताव को तर्कों के साथ रखा था। उन्होंने कहा कि लंबा समय बीत जाने के बाद भी खंड विकास अधिकारी द्वारा ना ही इस संदर्भ में कोई अंतिम निर्णय लिया गया है और न ही संवाद स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को साथ में लेकर जबरन बनाए जा रहे कार्यालय के खिलाफ विकासखंड कार्यालय के सम्मुख धरना प्रदर्शन करेंगे। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/17 मार्च 2026