राज्य
17-Mar-2026
...


:: इंस्टाग्राम और टेलीग्राम के जरिए फैला रखा था नेटवर्क; द्वारकापुरी पुलिस की चेकिंग के दौरान धराया राजवीर सिकलीकर :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में अपराधियों और अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में चलाई जा रही मुहिम के तहत द्वारकापुरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक ऐसे शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो सोशल मीडिया के माध्यम से अवैध हथियारों का कारोबार संचालित कर रहा था। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 6 देशी पिस्टल और 4 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख रुपये आंकी गई है। डीसीपी जोन-4 आनंद कलादगी और एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी द्वारकापुरी की टीम सोमवार को सूर्यदेव नगर के पास संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पैदल आ रहा एक युवक पुलिस को देखकर घबराने लगा और भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे घेराबंदी कर रोका और जब उसके बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें से अवैध फायर आर्म्स का जखीरा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजवीर सिंह सिकलीकर निवासी ग्राम ओझर, जिला बड़वानी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाले खुलासे करते हुए बताया कि वह इंस्टाग्राम और टेलीग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग कर ग्राहकों से संपर्क करता था। वह सीधे कॉल के बजाय चैट के माध्यम से हथियारों की डील फाइनल करता था और फिर सप्लाई सुनिश्चित करता था। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने पूरे प्रदेश में अवैध हथियारों की सप्लाई के लिए अपना एक संगठित नेटवर्क तैयार कर रखा था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और हथियारों के मुख्य स्रोत के संबंध में आरोपी से सघन पूछताछ कर रही है। इस सराहनीय कार्यवाही में निरीक्षक मनीष मिश्र, उपनिरीक्षक मुकेश झरिया और आरक्षक अरुण माथुर सहित पूरी टीम की विशेष भूमिका रही। प्रकाश/17 मार्च 2026