:: बेरोजगारी और अटकी भर्तियों के खिलाफ छात्रों का हल्लाबोल; उग्र हंगामे के बाद दी बड़े आंदोलन की चेतावनी :: इंदौर (ईएमएस)। बेरोजगारी और लंबित भर्ती प्रक्रियाओं के विरोध में मंगलवार को जय आदिवासी युवा शक्ति (JAYS - जयस) छात्र संघ ने इंदौर कलेक्ट्रेट पर जबरदस्त प्रदर्शन किया। आंदोलन के दौरान स्थिति तब विस्फोटक हो गई जब प्रदर्शनकारी और पुलिस बल आपस में भिड़ गए। आक्रोशित युवाओं ने प्रशासनिक सुरक्षा घेरे को चुनौती देते हुए वहां लगाए गए बैरिकेड्स तक धराशायी कर दिए। बड़ी संख्या में एकत्रित हुए युवाओं ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रियाओं में हो रही देरी युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। छात्र नेताओं का कहना था कि रिक्त पदों को भरने में प्रशासन की सुस्ती और नई नियुक्तियों का अभाव प्रदेश के युवाओं को हताशा की ओर धकेल रहा है। प्रदर्शनकारी मांग कर रहे थे कि सरकारी परीक्षाओं के परिणाम शीघ्र घोषित हों और रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएं। ज्ञापन सौंपने के दौरान जब कोई वरिष्ठ अधिकारी बाहर नहीं आया, तो छात्रों का सब्र टूट गया और उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर के भीतर घुसने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस के साथ उनकी जमकर झूमाझपटी और तीखी बहस हुई। बढ़ते हंगामे को देखते हुए पुलिस को अतिरिक्त बल प्रयोग करना पड़ा। काफी देर तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस अधिकारियों की समझाइश पर छात्र शांत हुए और ज्ञापन सौंपा गया। जयस कार्यकर्ताओं ने दोटूक चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर त्वरित कार्रवाई नहीं हुई, तो आगामी दिनों में यह आंदोलन प्रदेशव्यापी रूप लेगा। प्रकाश/17 मार्च 2026