अंतर्राष्ट्रीय
18-Mar-2026
...


वॉशिंगटन,(ईएमएस)। बीते कई दिनों में इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की मौत और उनके एआई जनरेटेड वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों पर अब विराम लग गया है। नेतन्याहू ने एक नया और दिलचस्प वीडियो साझा किया है, जिसमें वे न केवल जीवित और स्वस्थ नजर आ रहे हैं, बल्कि अपनी मौत की अफवाहों पर तंज भी कस रहे हैं। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कथित तौर पर अपने दूत माइक हकाबी को विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने के लिए भेजा था कि इजरायली नेता सुरक्षित हैं। वीडियो में हकाबी मजाक में कहते दिख रहे हैं, मिस्टर प्राइम मिनिस्टर, राष्ट्रपति ने मुझे यहाँ यह पक्का करने के लिए भेजा था कि आप ठीक हैं। इस पर नेतन्याहू ने दृढ़ता से जवाब दिया, हाँ माइक, मैं ज़िंदा हूँ। हाल ही में मंगलवार को पोस्ट किए गए इस वीडियो में नेतन्याहू अमेरिका के नवनियुक्त दूत माइक हकाबी के साथ नजर आ रहे हैं। वीडियो की शुरुआत में इजरायली प्रधानमंत्री मुस्कुराते हुए कहते हैं, मैं जिंदा हूं। इसके बाद उन्होंने उन दावों का सीधा जवाब दिया जिनमें कहा गया था कि उनके पिछले वीडियो डीपफेक थे और उनमें उनके हाथ की छह उंगलियां दिख रही थीं। हकाबी से हाथ मिलाते हुए नेतन्याहू ने चुटकी ली और कहा, हम हर हाथ की पांच उंगलियों से हाथ मिलाते हैं। विवाद तब शुरू हुआ था जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के चैटबॉट ग्रोक ने नेतन्याहू के एक पुराने वीडियो को डीपफेक करार दे दिया था। नेटिज़न्स ने दावा किया था कि उस वीडियो में नेतन्याहू के हाथों की बनावट अप्राकृतिक थी। इसके बाद जब उन्होंने एक कॉफी हाउस का वीडियो साझा किया, तो लोगों ने उसकी प्रामाणिकता पर भी सवाल उठाए थे। हालांकि, अब अमेरिकी दूत के साथ सार्वजनिक रूप से आकर उन्होंने इन तकनीकी संशयों को खत्म करने की कोशिश की है। ईरानी कमांडरों की मौत पर भी कसा तंज इस मुलाकात के दौरान नेतन्याहू ने केवल अपनी सेहत पर ही बात नहीं की, बल्कि क्षेत्रीय संघर्ष पर भी हुंकार भरी। उन्होंने ईरान के सिक्योरिटी चीफ अली लारीजानी और बासिज प्रमुख गुलाम रजा सुलेमानी की मौत का जिक्र करते हुए कहा, आज मैंने पंच कार्ड से दो नाम मिटा दिए हैं। गौरतलब है कि इजरायल ने मंगलवार को इन दोनों नेताओं को ढेर करने का दावा किया था, जिसकी पुष्टि बुधवार को ईरान ने भी कर दी है। ईरान ने इन मौतों का बदला लेने की कसम खाई है, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका है। वीरेंद्र/ईएमएस/18मार्च2026 --------------------------------