राज्य
18-Mar-2026
...


अहमदाबाद (ईएमएस)| रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में बताया कि मुंबई उपनगरीय नेटवर्क को सुदृढ़ करने के लिए 238 नई उपनगरीय ट्रेनों का निर्माण किया जा रहा है, जिनमें ऑटोमैटिक डोर क्लोजिंग सिस्टम की सुविधा होगी। उन्होंने यह भी बताया कि मुंबई उपनगरीय सेवाओं में यात्रियों को राहत देने के लिए सरकार द्वारा लगभग रु. 3,000 करोड़ की अतिरिक्त सब्सिडी प्रदान की जा रही है। रेल मंत्री ने गुजरात से संबंधित जानकारी देते हुए बताया कि मुंबई–अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल (बुलेट ट्रेन) परियोजना पर तेजी से कार्य प्रगति पर है। इस परियोजना के अंतर्गत 300 किमी से अधिक वायाडक्ट निर्माण पूरा हो चुका है तथा पियर निर्माण, ट्रैक बिछाने और स्टेशनों के विकास का कार्य जारी है। साथ ही, भारत की पहली अंडरसी रेल सुरंग पर भी कार्य प्रगति पर है। उन्होंने आगे बताया कि परियोजना में 43mm5 किमी फाउंडेशन कार्य, 338 किमी गिर्डर इंस्टॉलेशन, 168 किमी ट्रैक बिछाने के साथ ओएचई इंस्टॉलेशन का कार्य भी तेजी से प्रगति पर है। इसके साथ ही वापी, बिलिमोरा, सूरत तथा बीकेसी स्टेशन सहित कई स्टेशनों का कार्य तेजी से पूर्णता की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत कई नदियों पर पुलों का निर्माण पूरा किया जा चुका है तथा भरूच, वडोदरा, आनंद, नडियाद, अहमदाबाद और साबरमती क्षेत्रों में कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। रेल मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि सीमा क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए नए रेलवे लाइनों के सर्वे किए जा रहे हैं, जिनमें कच्छ क्षेत्र में देशलपार से हाजीपीर तथा वायोर से लखपत तक कनेक्टिविटी विकसित करने की योजना शामिल है।उन्होंने कहा कि इन पहलों से आधुनिक कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा और यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक एवं बेहतर यात्रा अनुभव प्राप्त होगा। सतीश/18 मार्च